गांव कुराना में छोटी बहन के साथ सैर पर निकली 20 वर्षीय युवती का कार सवार तीन बदमाशों ने अपहरण कर लिया। छोटी बहन रोते हुए घर पहुंची और परिजनों को वारदात से अवगत कराया। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो उन्हें मौके से युवती का फोन, चप्पल और चुन्नी बरामद मिली, जिसके बाद परिजनों ने उरलाना कलां चौकी में शिकायत दी। शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज करते हुए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव कुराना निवासी एक किसान ने बताया कि उसकी 20 वर्षीय बड़ी बेटी मंगलवार शाम पांच बजे 11 वर्षीय बहन के साथ खेत में सैर पर गई थी। छोटी बहन साइकिल पर थी, जबकि वह पैदल चल रही थी। इसी बीच छतेरा, सोनीपत की तरफ से एक सफेद रंग की कार आई, जिसमें से दो बदमाश उतरे और बड़ी बेटी को जबरदस्ती कार में बैठाकर फरार हो गये। छोटी बेटी ने बचाने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उसे धक्का दे दिया। पिता ने बताया कि 15 अप्रैल को बेटी की शादी है। उरलाना कलां पुलिस चौकी प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि परिजनों की तरफ से शिकायत मिल गई है, जिस पर कार्रवाई करते हुए उन्होंने पानीपत के साथ-साथ करनाल, सोनीपत और रोहतक में वारदात की सूचना दे दी है। थाना प्रभारी मनजीत ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।