पानीपत। थाना चांदनी बाग क्षेत्र में काला आंब रोड पर सोमवार दोपहर एक बजे झुग्गी झोपड़ी के पास दो युवक बहन की गोद से सात माह के बच्चे को छीनकर ले गए।
आरोपियों ने कुरकुरे देने के लालच देकर बच्चे को छीन लिया। बच्चे के अपहरण की सूचना पर डीएसपी सुरेश सैनी ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस की चार टीमें बच्चे की तलाश कर रही हैं। आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। काला आंब रोड पर झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले सुरेंद्र ने बताया कि वह खेल दिखाने का काम करते हैं। उनके तीन बच्चे दो बेटे और एक बेटी हैं।
सोमवार को उनका सात माह का बेटा मनसूब अपनी बहन की गोद में खेल रहा था। दोपहर को करीब एक बजे मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो युवक वहां पर पहुंचे और बच्चों को टॉफी, कुरकुरे देने का लालच देकर अपने पास बुलाया। इसके बाद दोनों आरोपी बच्ची की गोद से सात माह के बच्चे को छीनकर वहां से भाग गए। बच्चों ने शोर मचाया तो आस-पास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही थाना चांदनी बाग पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद डीएसपी यातायात सुरेश सैनी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बच्चे की तलाश करने के लिए चार टीमों को लगाया है। पुलिस टीमों ने आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लेकिन अभी तक बच्चे का कोई सुराग नहीं लगा है। उधर पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों के खिलाफ बच्चे का अपहरण करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।