केबीसी 3.0 से स्कूलों में निखरेगी उद्यमशीलता, परखी प्रशिक्षण की गुणवत्ता
- राज्य परियोजना समन्वयक मीनू दहिया ने प्रशिक्षण का किया निरीक्षण, शिक्षकों को स्कूलों में केबीसी 3.0 प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश
- विद्यार्थियों में उद्यमशीलता और नवाचार विकसित करने पर दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। कुशल बिजनेस चैलेंज 3.0 के तहत पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन में आयोजित शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का राज्य परियोजना समन्वयक मीनू दहिया ने निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, शिक्षकों की सहभागिता और विभिन्न गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी का जायजा लिया। साथ ही शिक्षकों को कार्यक्रम को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 111 शिक्षक प्रशिक्षण ले रहे हैं।
मीनू दहिया ने कहा कि केबीसी 3.0 के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, उद्यमशीलता, समस्या-समाधान क्षमता और व्यावहारिक कौशल विकसित किए जा सकते हैं। इसके लिए जरूरी है कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को कार्यक्रम से जोड़ा जाए और उन्हें नए विचारों पर काम करने के अवसर दिए जाएं।
उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की टीम बनाने, नए विचारों की पहचान करने और उत्पाद व सेवाओं के डिजाइन जैसी गतिविधियों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों में नवाचार की सोच विकसित करने और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में सहायक हैं।
निरीक्षण के दौरान कोऑर्डिनेटर अमरीश शर्मा और जमशेद खान मौजूद रहे। इस अवसर पर डायट से लेक्चरर एकता पंवार और हरप्रीत, उद्यम लर्निंग फाउंडेशन से महेंद्र और आदित्य, जिला संसाधन व्यक्ति महेश और विद्यालय प्रमुख वंदना उपस्थित रहीं।
38