माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। थाना चांदनीबाग क्षेत्र की विद्यानंद कॉलोनी में मंगलवार रात को लोडिंग मजदूर कमल (24) की हत्या की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया। थाना चांदनीबाग पुलिस ने रविवार शाम सेक्टर-25 ट्रक यूनियन के पास से आरोपी दानिश निवासी विद्यानंद कॉलोनी को गिरफ्तार किया।
आरोपी से मृतक की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गाली देने पर शराब के नशे में ईंट मारकर उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद मृतक का मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल लेकर वहां से भाग गया था। पुलिस सोमवार को आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
बुधवार सुबह विद्यानंद कॉलोनी में एक खाली प्लॉट में कमल का शव मिला था। कमल के पिता रोहताश ने थाना चांदनीबाग में मुकदमा दर्ज कराया था। उनका कहना था कि कमल मंगलवार को घर से काम करने के लिए निकले थे। रात को उसने फोन कर बताया था कि वह घर नहीं आएगा।
बुधवार सुबह उसका शव कॉलोनी के ही खाली प्लॉट में मिला था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी। मृतक के पिता रोहताश ने उसके तीन दोस्तों पर हत्या का शक जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने शक के आधार पर तीनों नामजद युवकों से पूछताछ की लेकिन हत्याकांड का खुलासा नहीं हो सका। इसके बाद पुलिस ने अन्य बिंदुओं पर जांच की तो पुलिस को एक सुराग मिली। वारदात की रात को कमल अपने दोस्त कॉलोनी के ही दानिश के साथ था। पुलिस ने दानिश की तलाश शुरू कर दी। रविवार शाम को पुलिस ने सेक्टर-25 ट्रक यूनियन के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात की रात को कमल और वह दोनों शराब पी रहे थे। इस दौरान उनके बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर उसने प्लॉट में पड़ी ईंट से उसके सिर में वार कर हत्या कर दी।
इसके बाद कमल का मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल लेकर वहां से भाग गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
सोमवर को आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। जिससे घटना स्थल की निशानदेही और ईंट बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।