संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित इंडो-नेपाल रोलर स्केटिंग बास्केटबॉल प्रतियोगिता में कैथल के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। कैथल की टीम ने नेपाल की टीम को हराकर न केवल प्रतियोगिता में जीत हासिल की, बल्कि जिले और देश का नाम भी रोशन किया।
कोच दीपक कौशिक ने बताया कि प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और रणनीति के साथ खेल का प्रदर्शन किया, जिसके चलते टीम को स्वर्ण पदक जीतने में सफलता मिली। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन इस उपलब्धि की मुख्य वजह रहे।
विजेता टीम के खिलाड़ियों का कैथल बस स्टैंड पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान अभिभावकों के साथ पार्षद सुशीला शर्मा ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
विजेता खिलाड़ियों में भूमिक सिंहमार, लविश राणा, जतिन, शौर्य, जीवन कनिष्क, आरव, आयुष, हार्दिक, हर्ष, साहिल और कार्तिक शामिल रहे। खिलाड़ियों ने बताया कि कोच के मार्गदर्शन में बनाई गई सही रणनीति और लक्ष्य पर केंद्रित खेल के कारण यह जीत हासिल हुई। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कैथल और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।