पानीपत। जुनैद बागा गैंग को हथियार सप्लाई करने के आरोपी शामली जिले के गोगवान निवासी जुनैद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सीआईए-3 की टीम ने मंगलवार शाम को आरोपी को सनौली रोड शिव चौक से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने फायरिंग के आरोपी जुनैद को दो पिस्तौल और कारतूस बेचना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सीआईए-3 प्रभारी विजय ने बताया कि रिसालू निवासी नरेंद्र ने थाना सनौली में मुकदमा दर्ज कराया था। उनका कहना था कि उन्होंने 2011 में रिशपुर गांव में 11 एकड़ जमीन खरीदी थी। जिस पर आरोपी पक्ष कब्जा करना चाहता था। 16 जून को जब वह अपने खेत पर पहुंचे तो माई गांव के रमेश, रामतन्म, गुरदीप, दीपक, राजेश, अमित ने अपने साथियों के साथ मिलकर फायरिंग की थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया तो पता चला था कि फायरिंग करने वाले बदमाश तितरवाड़ा के जुनैद के गिरोह के सदस्य थे।
पुलिस ने आरोपी जुनैद और उसके साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ में जुनैद ने बताया था कि उसने दो देशी पिस्तौल व चार कारतूस व 15 हजार रुपये में गोगवान शामली निवासी जुनैद से खरीदे थे। इसके बाद से ही पुलिस हथियार सप्लाई करने के आरोपी जुनैद की तलाश कर रही थी। मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।