पानीपत। जजपा नेता रविंद्र उर्फ मिन्ना को दो गोली मारी गई थी। एक गोली सीधी माथे और एक कमर में मारी थी। माथे में लगी गोली खोपड़ी में घुस गई और यह एक्सरे में भी काफी मशक्कत के बाद सामने आई। वहीं कमर में लगी एक गोली आगे दिल के नजदीक मिली है। दोनों गोलियों के चलते खून ज्यादा बह गया। सेक्टर-29 औद्योगिक थाना पुलिस ने रणबीर और राजबीर के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र कादियान और जिलाध्यक्ष रामनिवास पटवारी ने जिला नागरिक अस्पताल और घर पहुंचकर में परिजनों को ढांढस बंधाई और पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस की पांच टीम 24 घंटे बाद भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। प्राथमिक जांच में हत्या का कारण रविंद्र उर्फ मिन्ना की साली और रणबीर के साले की शादी के बाद अनबन सामने आया है।
विकास नगर के रविन ने पुलिस को बयान में बताया कि उसका भाई रविंद्र उर्फ मिन्ना, वंश, विनय उर्फ बिन्ना, विनीत उर्फ कोको और राजबीर उर्फ राजू शुक्रवार शाम करीब छह बजे कॉलोनी स्थित रविंद्र के कार्यालय पर हुक्का पी रहे थे। राजबीर उर्फ राजू ने घर पर हुक्का पीने की बात कही। वह घर आकर कपड़े बदलने लगा। रविंद्र और उसके बाकी साथी राजू के कहने पर उसके घर हुक्का पीने चले गए। वह भी राजू के घर हुक्का पीने जा रहा था। उसको राजू के घर से गोली चलने की आवाज सुनी। उसने आरोप लगाया कि रणबीर दोनों हाथों में पिस्टल लिए हुए था और उसके भाई रविंद्र पर गोली चला रहा था। एक गोली रविंद्र के माथे और दूसरी गोली भागते समय उसकी कमर में मार दी। वह इसके बाद हवाई फायर कर भाग गया। उसने राजू के घर जाकर देखा तो विनय और विनीत को भी गोली लगी थी। वह पड़ोस के लोगों के साथ उनको सिवाह गांव स्थित एक निजी अस्पताल में ले गया। जहां चिकित्सकों ने रविंद्र को मृत घोषित कर दिया।
बाॅक्स
पुलिस केस के चलते पाल रखी थी रंजिश
रविन ने बताया कि रविंद्र की साली की शादी रणबीर के साले रिंकू के साथ शादी कराई गई थी। दोनों का शादी के बाद झगड़ा चल रहा था। इसमें मुकदमा भी दर्ज किया गया था। जिसमें रणबीर और उसकी पत्नी का भी नाम शामिल था। रणबीर उसके भाई के साथ इस बात की रंजिश पाले हुए था। उसने आरोप लगाया कि रणबीर और राजबीर उर्फ राजू ने साजिश के तहत उसके भाई और उसके दोस्तों को घर बुलाकर गोली मारी।
बाॅक्स
माथे में लगी गोली खोपड़ी में धंसी मिली
रविंद्र उर्फ मिन्ना के परिजन शनिवार सुबह 10 बजे ही अस्पताल पहुंच गए थे। सेक्टर-29 औद्योगिक थाना पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए। चिकित्सकों को कमर में लगी गोली आगे दिल के नजदीक मिली लेकिन माथे में मारी गोली नहीं मिली। इसके लिए कई बार एक्सरे किया। तब गोली खोपड़ी में धंसी मिली। डॉ. केतन भारद्वाज ने बताया कि दोनों गोलियों के चलते खून ज्यादा बह गया। माथे में लगी गोली ज्यादा खतरनाक रही।
बाॅक्स
रविंद्र और रणबीर में हुई थी हाथापाई
एक जानकार ने बताया कि राजबीर के घर पर किसी बात पर रणबीर और रविंद्र में कहासुनी हो गई। विनय और विनीत बीचबचाव करने लगे तो रणबीर ने उनके पेट में गोली मार दी। वंश ने रणबीर के हाथ पर डंडा मारा तो पिस्टल नीचे गिर गया। बताया जा रहा है कि रणबीर के पास एक अन्य पिस्टल भी था। उसने दूसरे पिस्टल से रविंद्र के माथे में गोली मार दी। दूसरी गोली उसकी कमर में मार दी।
वर्जन :
रविंद्र उर्फ मिन्ना की हत्या में रणबीर और राजबीर के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस की पांच टीम आरोपियों की धरपकड़ में लगी हैं। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सतीश वत्स, डीएसपी मुख्यालय, पानीपत।