मतलौडा। उरलाना खुर्द गांव की ड्रेन के पास एक मोटरसाइकिल सवार युवक की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक जींद जिले के सिंघाना गांव का रहने वाला है। वह काम के लिए उरलाना खुर्द गांव में आया था। सुबह रोड किनारे शव पड़ा देखकर राहगीरों ने इसकी सूचना उरलाना पुलिस चौकी को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ कर शव को नागरिक अस्पताल भिजवाया। जेब में मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचित किया गया। पुलिस ने परिजनों के बयान पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
जींद के सिंघाना गांव निवासी महेंद्र सिंह ने बताया कि वह चार भाई बहन हैं। उसका छोटा भाई संदीप (29) शटरिंग का काम करता था। वह काम के लिए उरलाना खुर्द गांव आया था। इसके बाद से वह घर नहीं पहुंचा था। उसके पास मंगलवार सुबह मतलौडा पुलिस थाने से फोन आया कि उसके भाई संदीप की सड़क हादसे में मौत हो गई है। इसके बाद वह पानीपत के नागरिक अस्पताल पहुंचे थे। संदीप शटरिंग का काम करता था। इसलिए उसका आसपास के गांवों में आना-जाना रहता था। वह अपने काम से उरलाना गांव आया था। यहां अज्ञात वाहन ने संदीप की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में संदीप की मौके पर ही मौत हो गई।