पानीपत। ईएसआई का 300 बेड का नया अस्पताल बनाया जाएगा। नया अस्पताल करीब आठ एकड़ में होगा। इसमें ट्रामा सेंटर, ऑपरेशन थियेटर व अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू होगी। इसमें चिकित्सक विशेषज्ञों के अलग-अलग कक्ष बनाए जाएंगे।
करीब आठ लाख लोगों को इसका सीधा फायदा मिलेगा। इसके मूर्त रूप में आने के बाद ईएसआई अस्पताल का रेफरल भी कम होगा और राज्य बीमा कर्मचारियों को निजी या जिला नागरिक अस्पताल के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। ईएसआई अस्पताल में इस समय 70 बेड हैं। प्रतिदिन की ओपीडी लगभग 1100 तक पहुंच रही है। अस्पताल में सुविधा न होने पर मरीजों को निजी अस्पतालों में भेजना पड़ता है। मरीज को इन अस्पतालों में चक्कर काटने पड़ते हैं।
ईएसआई को अपनी आठ एकड़ जमीन मिली है। इस जमीन पर अस्पताल बनाया जाएगा। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। कंपनी से इसकी डीपीआर और प्रोजेक्ट बनवाई जाएगी।
पीडब्ल्यूडी, जन स्वास्थ्य विभाग से खाली कराए जाएंगे क्वार्टर : ईएसआई के क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी के क्वार्टर हैं और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग का कार्यालय भी इसी परिसर में हैं। इनको जल्द ही नोटिस जारी किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी से खाली होने के बाद अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। अस्पताल का क्षेत्र बढ़ने के साथ अस्पताल में सुविधाएं भी बढ़ेंगी। हाल ही में अस्पताल में नए फिजिशियन ने कार्य संभाला है। लोगों को फिजिशियन आने से सुविधा मिली है। संवाद