सनौली। गांव कुराड़ के पास नेशनल हाईवे किनारे सोमवार की देर रात ट्राला का टायर बदलते हुए जैक हट गया। ट्राला के नीचे दबने से एक मजदूर की मौत हो गई। मजदूर के साथ मौजूद युवकों ने हादसे की सूचना परिजनों को दी थी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने सनौली थाना पुलिस को भी बुलाया गया। सनौली थाना पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्राले के नीचे से युवक को बाहर निकाला गया और उसे जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
गढ़ी बेसिक गांव निवासी रिजवान ने बताया कि उसका चचेरा भाई मुमताज (42) वर्ष शादीशुदा था और पांच बच्चों का पिता था। जिसमें तीन बेटे और दो बेटियां है। उसकी सबसे बड़ी बेटी 16 साल की है। सोमवार रात को वह तूड़ी से भरा ट्राला लेकर गांव लौट रहा था। उसके साथ गांव के ही दो अन्य युवक भी थे। कुराड़ बाईपास के रास अचानक टायर का रिंग फट गया था। जिसके बाद उन्होंने ट्राले को सड़क के किनारे लगाया। यहां मुमताज ने जैक की मदद से ट्राले को ऊपर उठाया। जिसके बाद वह टायर बदलते समय अचानक जैक फिसल गया और ट्राला उसकी छाती पर आ गिरा। जिससे उसकी पसलियां टूट गई और उसकी मौत हो गई।