हाईकोर्ट में जाट आरक्षण पर स्टे लगने एवं जाटों की ओर से आंदोलन की चेतावनी पर प्रशासन इस बार पहले ही एक्शन में आ गया है। डीसी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर आरक्षण की मांग को लेकर कहीं भी किसी भी तरह का रोड या ट्रैक जाम किया गया तो इसको कतई सहन नहीं किया जाएगा। ऐसा होने पर संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उसका जिम्मेदार होगा। यहां तक कि किसी को रोड के साइड में भी नहीं बैठने दिया जाएगा।
उपायुक्त डॉ. चंद्रशेखर खरे ने इसको लेकर सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली। बैठक में पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा भी मौजूद रहे।
डीसी डॉ. चंद्रशेखर खरे ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसात्मक तरीके से कोई भी मांग करना ठीक नहीं है। सभी अधिकारी आपस में सूचनाओं का आदान-प्रदान रखें। पानीपत जिला में पहले भी शांति रही है। इस बार भी आशा की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि गांवों में सरपंच, नंबरदार और मौजिज व्यक्तियों के साथ बैठकर मीटिंग करें।
उन्होंने कहा कि इस बार स्पष्ट संदेश दिया कि अब की बार यह बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सभी डयूटी मजिस्ट्रेट अपने आप में सशक्त हैं। कानून और शांति स्थापित करने के लिए उन्हें किसी से भी आदेश लेने की जरूरत नहीं होगी। वे सीधे तौर पर जिलाधीश द्वारा दी गई संवैधानिक शक्तियों का प्रयोग कर सकेंगे। सरकार की सीधे तौर पर यहीं मंशा है कि किसी भी सूरत में शांति भंग नहीं होने दी जाएगी।
अर्धसैनिक बलों की मांग की
उपायुक्त डॉ. चंद्रशेखर खरे ने बताया कि अर्धसैनिक बलों की टुकडिय़ों को लेकर सरकार को लिख दिया गया है। जो कि शीघ्रता से उपलब्ध हो जाएंगी। अब की बार हर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ एक वीडियोग्राफर रहेगा। जहां-जहां ड़यूटी मजिस्ट्रेट शांति बहाली के लिए सभाओं में जाएंगे, वहां की वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी। सभी बीडीपीओ गांवों में ग्राम सभाओं का आयोजन करवाएंगे। जहां पर प्रशासनिक अधिकारी शांति बहाली की अपील करेंगे।
हिंसा फैलाने वाला कसूरवार होगा
डीसी ने कहा कि अब की बार हिंसा फैलाने वाला कसूरवार होगा ही साथ भीड़ इकट्ठी करने वाला या इस तरह के आयोजन करने वाला भी बराबरी का कसूरवार होगा। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस अधिकारी अपने दंगा विरोधी उपकरण वज्र, आंसु गैस छोडने वाले उपकरण व अपने हथियारों इत्यादि को अच्छी तरह चैक कर लें।
उन्होंने कहा कि धरना या प्रदर्शन करने के लिए बुधवार तक जिला में दो स्थान निर्धारित कर दिए जाएंगे। इन्हीं निर्धारित स्थानों पर कोई भी राजनैतिक दल या संगठन धरना या प्रदर्शन कर सकेगा।
इस मौके पर एडीसी राजीव मेहता, एसडीएम विवेक चौधरी, गौरव कुमार, सचिव आरटीए त्रिलोक चंद, एमडी शुगर मिल गायत्री अहलावत, डीएसपी क्राइम जोगिंद्र राठी, बली सिंह, दलबीर सिंह व देसराज व समालखा डीएसपी गौरखपाल राणा मौजूद रहे।