पानीपत। अनियमित खानपान लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर डाल रहा है। यही कारण है कि औद्योगिक नगरी में बीपी, सीओपीडी और हृदय के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में इन समस्याओं से पीड़ित प्रतिदिन करीब 250 मरीज पहुंच रहे हैं। चिकित्सक इन लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें सही खानपान की सलाह देकर जरूरी दवाइयां दे रहे हैं।
जिला नागरिक अस्पताल की आहार विशेषज्ञ नेहा ने बताया कि सरसों के तेल का एक बार ही प्रयोग करना चाहिए। लोग ज्यादा तेल में पकौड़े, ब्रेड, करेले की सब्जी को तल कर बचे तेल को दोबारा प्रयोग करते हैं यह उनके शरीर में बीमारियों को बढ़ाने का काम करता है। सरसों तेल का एक बार ही प्रयोग करना चाहिए क्योंकि बार-बार तेल का प्रयोग करने से शरीर में कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है जो वजन बढ़ने का मुख्य कारण है।
उन्होंने बताया कि 80 फीसदी लोग अपने भोजन में नमक का ज्यादा प्रयोग कर रहे हैं जो बीपी का सबसे बड़ा कारण बन रहा है। उन्होंने लोगों से भोजन में कम नमक का उपयोग करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि अनियमित खानपान से कुछ लोगों के शरीर में आयोडीन और सोडियम की कमी हो जाती है, इससे भी कई तरह की बीमारियां होने की संभावना बनी रहती है। वर्तमान में युवाओं से लेकर बुजुर्गों में बीपी की समस्या देखने को मिल रही है। उन्होंने लोगों को अपनी डाइट में बदलाव की सलाह दी है।
- तला-भुना और अनियमित खानपान बीमारियों की बड़ी वजह है। लोगों को फास्ट फूड से दूरी बनानी चाहिए और अपने भोजन में हरी सब्जियों को शामिल करना चाहिए।
- नेहा, आहार विशेषज्ञ, जिला नागरिक अस्पताल, पानीपत