समालखा। समालखा की सुदेश देवी ने करनाल जिले के कैलाश गांव निवासी जोगिंद्र पर बेटे को अमेरिका भेजने के नाम पर 37 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप लगाए हैं। उनका आरोप हे कि 12 लाख रुपये में अमेरिका भेजने की बात कही थी। धीरे-धीरे 37 लाख रुपये ले लिया। इसके बाद अमेरिका के स्थान पर दिल्ली, जयपुर, मुंबई, अजरबेजान, गुयाना और कजाकिस्तान में घुमाते रहे। बाद में दो किले जमीन देने का बयाना दिया। लेकिन बाद में जमीन देने से भी इंकार कर दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सुदेश देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जोगिंद्र ने उनके छोटे बेटे अमित को अमेरिका भेजने की बात कही। इसके लिए 12 लाख रुपये का खर्च बताया। 11 अक्तूबर 2022 को अमित को मुंबई भेजा और कहा कि अमेरिका की फ्लाइट मुंबई से होगी। अमित घर से एक लाख रुपये लेकर गया। लेकिन कुछ सप्ताह मुंबई में रखने के बाद उसे वापस दिल्ली भेज दिया और महिपालपुर में होटल में रखा।
जहां पर उन्होंने कहा कि दुबई का वीजा लगवाया जा रहा है। इसके बाद वीजा देकर उसे दिल्ली एयरपोर्ट भेज दिया। जहां से उसे वापस भेज दिया गया। इसके बाद दिल्ली से जयपुर भेज दिया। जिस एजेंट को पासपोर्ट दिया था उसे पुलिस ने पकड़ लिया। जिसके बाद मंडी हिमाचल से अमित का दूसरा पासपोर्ट बनवाया गया। आरोपी ने अमित को कजाकिस्तान भेज दिया। जहां से उसके गुयाना का वीजा देकर उसे गुयाना भेजा गया।
यही नहीं उसे एक बार मैक्सिको, अरजबेजान भी भेजा। आरोपी ने इसके लिए करीब 37 लाख रुपये ले लिए। जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने कहा कि वह अपने साथी जगदीश की दो किल्ले जमीन का बयाना उनके नाम कर देता हूं। जिसमें 50 लाख रुपये में बयाना तय हुआ और उसमें लिखा गया कि 40 लाख रुपये आ चुके हैं।
इसके बाद भी आरोपी पौलेंड, तुर्की आदि देशों का वीजा लगाने की बात कहते रहे। पुलिस ने सुदेश की शिकायत के आधार पर आरोपी जोगिंद्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।