इसराना थाना क्षेत्र के नौल्था गांव में पानी के टब में डूबने से हुई बच्ची विधि (6) की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। बच्ची के दादा सेवानिवृत एसआई पाल सिंह ने पानी में डुबोकर बच्ची की हत्या करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मृतक बच्ची के दादा की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीआईए-1 की टीम परिवार की करीबी रिश्तेदार महिला समेत कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुछ तथ्य सामने आए हैं। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। उधर, मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। शादी की खुशियां भी मातम में बदल गई हैं।
सोनीपत के भावड़ गांव निवासी पाल सिंह ने बताया कि उनका परिवार सोनीपत के रामनगर में रहता है। उनकी रिश्तेदार नौल्था गांव निवासी सतपाल के बेटे अमन की शादी थी। सोमवार को उसकी बारात गई थी। जिसमें शामिल होने के लिए वह अपनी पत्नी ओमवती, बेटे संदीप, पुत्रवधू, पोती विधि और 10 माह के पौत्र के साथ शामिल होने के लिए आए थे।
सोमवार को करीब डेढ़ बजे बारात नौल्था गांव से रवाना हुई थी। वह और बेटा संदीप बारात में चले गए। कुछ ही देर बाद फोन पर सूचना मिली कि विधि गायब हो गई है और मिल नहीं रही। इसके बाद उसकी तलाश शुरू कर दी गई। करीब एक घंटे के बाद उनकी पत्नी ओमवती शादी वाले घर में पहली मंजिल पर स्टोर रूम के पास पहुंची। स्टोर रूम का कुंडा लगा हुआ था।
उन्होंने दरवाजा खोलकर देखा तो कमरे में अंदर रखे पानी से टब में विधि का सिर डूबा हुआ था और उसके पैर जमीन पर ही थे। तुरंत ही विधि को पानी से बाहर निकाला। इसी बीच संदीप भी मौके पर पहुंच गए और तुरंत ही बच्ची को लेकर एनसी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची के दादा पाल सिंह ने आरोप लगाए हैं कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने पानी में डुबोकर उसकी हत्या की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, मंगलवार को पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।