पानीपत के मतलौडा में स्वास्थ्य विभाग की टीम से पहले आने की सूचना मिलने पर कस्बे की मिठाई की दुकानें बंद हो गई। दुकान बंद मिलने पर सैंपल लेने गई टीम को बैरंग लौटना पड़ा। वहीं पुलिस ने पकड़े मावा के अज्ञात मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम सोमवार सुबह मतलौडा कस्बे में पहुंची। टीम के आने से पहले ही बाजार की अधिकतर दुकान मालिकों ने बंद कर दिया और इधर-उधर हो लिए। टीम एक के बाद एक कई बाजारों में पहुंची। लेकिन हर मिठाई की दुकान के शटर बंद मिले। दुकानों के बंद होने से लोगों को भी लौटना पड़ा। चर्चा है कि सैंपल लेने वाली टीम की दुकानदारों को पहले ही सूचना मिल गई थी।
लोगों का कहना है कि दुकानदारों का कोई नजदीकी स्वास्थ्य विभाग में तैनात है। वह इसकी सूचना लोगों को समय पर दे देता है। इस कारण विभाग का छापा फेल हो गया।
मावा मालिक पर केस दर्ज
उधर मतलौडा थाना पुलिस ने रविवार को बरामद किए 50 किलोग्राम मावा के मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के सहयोग से मावा का सैंपल जांच को भेज दिया है। गौरतलब है कि रविवार दोपहर एक व्यक्ति रिक्शा में मावा लेकर मंडी बाजार जा रहा था। वह पुलिस को आते देख मोवा रिक्शा में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मावा को जब्त कर लिया।