पानीपत। जिला नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को एचआईवी और तंबाकू निषेध जागरूकता के लिए वर्कशॉप का आयोजन किया। इसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को एचआईवी के लिए जागरूक किया और तंबाकू के दुष्परिणाम के बारे में बताया गया। टीबी उन्मूलन के नोडल अधिकारी डॉ. लाभ सिंह और तंबाकू निषेध कार्यक्रम के अधिकारी डॉ. ललित वर्मा की देखरेख में वर्कशॉप लगाई गई।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार लोगों को टीबी और एचआईवी से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जिला नागरिक अस्पताल में वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इसमें अस्पताल में पहुंचे लोगों को एचआईवी और टीबी के बारे में बताया गया। वहीं एचआईवी या टीबी होने पर लोगों को आगे आकर इलाज करवाने के लिए जागरूक किया गया। टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. लाभ सिंह ने बताया कि आशा वर्कर्स को इस संबंध में प्रशिक्षण दिया गया है जो लगभग 90 गांवों में डोर-टू-डोर जाकर लोगों को जागरूक भी कर रही हैं। एचआईवी में शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को कमजोर हो जाती है। यह यौन संपर्क, संक्रमित रक्त, साझा सुई और गर्भावस्था के दौरान मां से बच्चे में फैल सकता है। एचआईवी के इलाज न होने पर यह एड्स में बदल सकता है जो एचआईवी संक्रमण का सबसे उन्नत चरण है। प्रारंभिक जांच और उपचार से एचआईवी को नियंत्रित किया जा सकता है। इसके बारे में लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। तंबाकू निषेध कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. ललित वर्मा ने बताया कि टीम लगातार स्कूल व कॉलेजों में जाकर बच्चों को तंबाकू के दुष्परिणाम बताकर जागरूक किया जा रहा है।