पानीपत। उद्योग जगत की प्रमुख समस्याओं को लेकर शनिवार को शहर के उद्योगपति एचएसआईडीसी के एमडी विकास गुप्ता से मिले। इसमें उद्योगपतियों ने एमडी के सामने सभी सेक्टरों में चल रहे उद्योगों की समस्याएं बताई। इनमें सबसे बड़ा मुद्दा कॉमन बॉयलर का रखा गया। उद्योपगतियों ने कहा कि उनके लिए कॉमन बॉयलर की सबसे बड़ी जरूरत है। इसके लिए जगह तलाशी जाए। इस मुद्दे को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री से लेकर उद्योग जगत का हर आदमी संवेदनशील है। जल्द से जल्द उनके उद्योगों के लिए जमीन उपलब्ध कराई जाए ताकि उनको आने वाले दिनों में कोई परेशानी न हो। उद्योग जगत की मांगों में ये सबसे प्रमुख मांग है।
उन्होंने कहा कि कुछ सेक्टरों में एचएसआईडीसी, हुडा और निगम की भागीदारी है। इससे उद्योगपतियों को अपनी समस्याओं के निवारण के लिए तीन विभागों के चक्कर काटने पड़ते हैं। इन सभी सेक्टरों को एक ही विभाग के सुपुर्द किया जाए, ताकि उन्हें एक छत के नीचे हर समस्या का समाधान मिल सके।
इसके अलावा उद्योगपतियों ने एमडी विकास गुप्ता से बिजली की तारों, टूटे रोड और साफ सफाई जैसी समस्याओं पर भी विचार विमर्श किया गया। इसके बाद कॉमन बॉयलर के लिए जगह का भी दौरा किया गया।
उद्योगपतियों की शिकायतों पर एमडी विकास गुप्ता ने कहा कि अगर सेक्टर उनके पास आते हैं तो वे जल्द ही एचएसवीपी के सीए से बैठक कर उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास करेंगे।