पानीपत। पूर्व छात्र मिलन समारोह के दौरान मौजूद प्रायार्य व अन्य।
- फोटो : Panipat
आईबी स्नातकोत्तर महाविद्यालय पानीपत में पूर्व छात्र परिषद् के तत्वावधान में पूर्व छात्र मिलन समारोह का ऑनलाइन आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ किया गया। महाविद्यालय के पूर्व छात्र डॉ. दिनकर शर्मा ने गजल प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। छात्रा प्रियंका व गिन्नी ने डांस की सुंदर प्रस्तुति दी। छात्र सुशील व अंकिता भट्ट ने अपने गीतों से सभी को मंत्रमुग्ध किया। रीतू शर्मा ने हरियाणवी गीत की प्रस्तुति देकर सभी का मन हरियाणवी संस्कृति की सुगंध में महका दिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की पूर्व छात्रा सर्वप्रीत बाजवा मान ने मुख्यातिथि की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में पानीपत जिले की महापौर एवं कॉलेज की पूर्व छात्रा अवनीत कौर ने भी सहभागिता की। उन्हें भेंट स्वरूप तुलसी का पौधा देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सक्रिय भूमिका निभाने वाले सभी पूर्व छात्र-छात्राओं को भी तुलसी का पौधा भेंट देकर सम्मानित किया गया। समारोह में लगभग 400 पूर्व छात्रों ने सहभागिता की। विदेश में रह रहे पूर्व छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की एवं अपनी स्मृतियां साझा कीं। अमेरिका से डॉ. सुशील चावला एवं डॉ. धीरज वर्मा ने अपने विचार साझा किए।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. अजय कुमार गर्ग ने पूर्व छात्रों का अभिनंदन किया। पूर्व छात्र समिति के प्रधान एवं प्रबंध समिति के सचिव रवि गोसाईं ने छात्र जीवन में नेपाल और गोवा के भ्रमण की स्मृतियों को ताजा किया। कार्यक्रम की अध्यक्षा डॉ. शशि प्रभा मलिक ने सभी का आभार व्यक्त किया। मंच का संचालन प्रो. सोनल डोगरा ने किया। अंत में राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।