गांव बबैल में एक 27 वर्षीय किसान ने अपने ससुराल वालों से परेशान होकर मंगलवार देर शाम वीडियो बनाकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिजन और पुलिस उसे सामान्य अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव बबैल निवासी महाबीर ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। उसके एक बेटा और तीन बेटियां हैं। बेटे प्रविंद्र (27) की शादी चार साल पहले गांव बिहोली में रानी पुत्री कर्मबीर के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही बेटे को ससुराल पक्ष के लोग परेशान कर रहे थे। उन्होंने कई बार बेटे से लाखों रुपये भी लिए, हर बार अलग अलग मांग रखी और पूरी न करने पर बहू को साथ ले जाने की धमकी देते थे। बेटे का साला परिवार को जान से मारने की भी धमकी देता था। हाल ही में बेटे ने परेशान होकर अपनी आपबीती बतायी। उस पर पैसे देने का दबाव बनाते हुए ससुराल वाले बहू को साथ ले गए। जिससे परेशान होकर बेटे ने वीडियो बनाया और अपनी परेशानी रिकार्ड करने के बाद जहर खाकर आत्महत्या कर ली। सेक्टर 13-17 पुलिस मौके पर पहुंची और किसान को अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पिता का आरोप: दो बार की फसल से हुई कमाई से पैसों को हड़प चुके थे
मृतक के पिता महाबीर ने आरोप लगाया कि बेटे प्रविंद्र को उसका ससुर, साला जितेंद्र, सलहज कोमल गालियां देते थे। ताने देते थे कि रानी की मांगे पूरी नहीं कर सकता। डरा धमकाकर धान की फसल से हुई कमाई के डेढ़ लाख रुपये ले लिए। अगली फसल गेहूं की आई तो उसमें से भी एक लाख रुपये ले गए।
दहेज का झूठा मुकदमा दर्ज कराने की दी धमकी
प्रविंद्र की दो बेटिया हैं, जिनमें एक दो साल और दूसरी सात माह की है। गत दिनों पहले साला जितेंद्र राणी व दोनों बच्चियों को अपने साथ ले गया। जिसके बाद वह एक बच्ची को दो दिन बाद वापस छोड़ गया और धमकी देकर गया कि वह अब दहेज का मुकदमा दर्ज कराएंगे, जिससे उनको पता लग जाएगा।
पिता के बयान पर तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं शव का पोस्टमार्टम कराकर भी शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी। उन्हें एक वीडियो मिली है, जिसकी जांच कराई जा रही है।
-कमलजीत, इंस्पेक्टर, सेक्टर 13-17 थाना प्रभारी