मतलौडा। मतलौडा थाना क्षेत्र के खंडरा गांव के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार की दोपहर को छुट्टी के बाद 11वीं के छात्र सुशील की गर्दन पर उसके सहपाठी ने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी बाल जाटान निवासी सागर अपने बैग से चाकू लेकर आया था। आरोपी वारदात के बाद भाग गया। शिक्षक घायल छात्र को लेकर गांव में मेडिकल स्टोर पर लेकर पहुंचे। यहां उनका प्राथमिक उपचार कराया। उधर छात्र के परिजनों ने मतलौडा थाना की पुलिस काे इसकी शिकायत दी है। प्रथम दृष्टया सामने आया कि 10वीं कक्षा के दौरान भी दोनों के बीच मारपीट हुई थी। उसी की रंजिश में यह वारदात अंजाम दी।
राजकीय सीसे स्कूल के प्रधानाचार्य सुरेश देशवाल ने बताया कि बुधवार दोपहर को 2:30 बजे स्कूल की छुट्टी हुई थी। सभी छात्र अपनी अपनी कक्षा से बाहर आ रहे थे। इसी समय 11वीं कक्षा के सागर ने स्कूल बैग से चाकू निकाला और आगे चल रहे सुशील की गर्दन पर वार कर दिया। चाकू गर्दन से कुछ नीचे लगा। हमले में सुशील घायल हो गया और उसने शोर मचा दिया। जब तक कोई कुछ समझ पाता आरोपी छात्र वहां से भाग गया। इसके बाद शिक्षक तुरंत ही घायल छात्र को लेकर पास के अस्पताल में पहुंचे। जहां पर चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद छात्र को छुट्टी दे दी।
उधर, छात्र पर हमले की सूचना पर उनके परिजन और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल छात्र से घटना की जानकारी ली जा रही है। बताया जा रहा है कि छात्रों के बीच 10वीं कक्षा के दौरान भी मारपीट हुई थी। उसी समय से दोनों में रंजिश दी। लेकिन झगड़ा किस बात को लेकर हुआ था, इसका अभी पता नहीं चल रहा है।
-थाना मतलौडा प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि छात्र पर हमले के मामले में जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।