पानीपत। जिला नगर योजनाकार टीम द्वारा वीरवार को सिवाह खेड़ी, राजाखेड़ी और उग्राखेड़ी गांव में अवैध कॉलोनियोंं पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान लगभग 18 एकड़ क्षेत्र में फैली तीन अवैध कॉलोनियों, दो अवैध संरचनाओं व लगभग 40 डीपीसी को ध्वस्त किया गया। पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध कॉलोनी हटाओ अभियान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। उन्होंने पहले इसका विरोध करने का प्रयास किया लेकिन पुलिस और अन्य अधिकारियों द्वारा उन्हें शांत किया गया।
सुमित मलिक ने बताया कि आमजन अवैध कॉलोनियों में भूखंड न खरीदें। क्योंकि ऐसे क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की सरकारी सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अनुरोध किया कि बिना वैध रजिस्ट्री के किसी भी जमीन को न खरीदें।