पानीपत। जिले में बच्चों से भीख मंगवाने की स्थिति में माता-पिता और अभिभावकों पर सख्ती करने की तैयारी है। जिला बाल कल्याण समिति की ओर से शहर में विशेष अभियान चलाकर ऐसे बच्चों को पकड़ा जाएगा। ऐसे बच्चों से भीख मांगते मिलने पर उनके अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही बच्चों को पुनर्वास केंद्र भेजकर पढ़ाई से जोड़ा जाएगा।
बाल कल्याण समिति के सदस्यों ने पिछले सप्ताह जिला सचिवालय के पास से भीख मांगते हुए एक बच्चे को रेस्क्यू किया था। समिति ने बच्चे से बात की तो उसने बताया था कि उसकी मां उससे व उसकी दो बहनों से भीख मंगवाती हैं। समिति ने इस मामले की अपने स्तर से जांच की तो पता चला कि शहर में बड़ी संख्या में ऐसे बच्चे हैं जो बाजारों, हाईवे, ढाबों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों पर भीख मांगते हैं। उनके परिजन ही उनसे यह काम कराते हैं। जिसे देखते हुए बाल कल्याण समिति द्वारा ऐसे बच्चों को रेस्क्यू करने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। समिति द्वारा पहले शहर में बच्चों से भीख मांगने के मामले में हॉट स्पॉट चिन्हित किए जाएंगे। जहां से बच्चों को रेस्क्यू किया जाएगा। बाल कल्याण समिति द्वारा बच्चों से भीख मंगवाने के मामले में पहली बार माता-पिता व अभिभावकों को चेतावनी दी जाएगी। इसके बाद बच्चों की निगरानी की जाएगी। दोबारा भीख मांगते पाए जाने पर उनके माता-पिता और अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन
सड़कों पर भीख मांगने वाले बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिससे बच्चों को स्कूलों में दाखिल कर उनका भविष्य संवारा जा सके।
-केदार दत्त कौशिक, चेयरमैन बाल कल्याण समिति पानीपत।