माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के लिए इस बार पानीपत जिले में करीब 16 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के लिए जिले में 27 केंद्र बनाए गए हैं।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों के लिए बेहतर व्यवस्था का दावा किया है, जबकि पुलिस ने यातायात और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। वहीं शहर में पहले से ही ट्रैफिक दबाव को देखते हुए परीक्षा के दौरान व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन और पुलिस दोनों के लिए चुनौती रहेगा।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने शुक्रवार शाम जिला सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा निर्धारित एसओपी का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में एसडीएम मनदीप कुमार ने परीक्षा प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप, सीईओ डॉ. किरण, नगराधीश टीनू पोसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा और सीएमओ डॉ. विजय मलिक मौजूद रहे।
27 परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम, एसओपी का सख्त पालन
जिले में बनाए गए 27 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा शनिवार को शाम के सत्र में और रविवार को सुबह व शाम दोनों सत्रों में आयोजित की जाएगी। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के हर बिंदु का सख्ती से पालन कराया जाए। सभी ड्यूटी स्टाफ को निर्धारित स्टिकर लगाकर ही प्रवेश की अनुमति होगी, जबकि ग्रुप-डी कर्मचारियों के परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।
मोबाइल और वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध
सुरक्षा व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्रों के भीतर किसी भी अभ्यर्थी, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति के पास मोबाइल फोन रखने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही केंद्र परिसर में किसी भी प्रकार के वाहन के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, डेस्क और दीवार घड़ी जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कर ली हैं।
जाम में फंसे अभ्यर्थियों को डायल-112 पहुंचाएगी परीक्षा केंद्र तक
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए हरियाणा रोडवेज ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है। वहीं पुलिस प्रशासन ने भी विशेष योजना बनाई है। यदि कोई अभ्यर्थी जाम में फंस जाता है या उसे समय पर केंद्र तक पहुंचने में परेशानी होती है, तो डायल-112 की टीम उसे तुरंत परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में मदद करेगी।
एचटेट के लिए रोडवेज चलाएगा 27 बसें
पानीपत। एचटेट परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पानीपत रोडवेज 27 विशेष बसें संचालित करेगा। इनमें 17 रोडवेज बसें और 10 ई-बसें शामिल हैं। रोडवेज प्रशासन ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
बसों का संचालन जिले के विभिन्न रूटों पर किया जाएगा और जरूरत के अनुसार इन्हें परीक्षा केंद्रों के बाहर भी तैनात रखा जाएगा।रोडवेज अधिकारियों ने सभी चालक और परिचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचाने के लिए इन बसों को सामान्य और अन्य रूटों से हटाकर विशेष रूप से एचटेट ड्यूटी में लगाया जाएगा। सभी बसें परीक्षा के दिन सुबह से ही निर्धारित रूटों पर संचालित होंगी, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।