माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटीईटी)-2024, 30 और 31 जुलाई को कराई जाएगी। पहले दिन सायंकालीन सत्र में तीन से 5:30 बजे और दूसरे दिन 31 जुलाई को प्रात: 10 से 5:30 बजे तक दो सत्रों में परीक्षा होगी। 30 जुलाई को 4114 व 31 जुलाई को प्रात: 7082 व सायंकालीन सत्र में 2842 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्र की 200 मीटर की परिधि में किसी भी तरह से पांच या इससे अधिक व्यक्तियों के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध रहेगा।
उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने सोमवार को जिला सचिवालय के सभागार में हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के लिए संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशानिर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र अधीक्षक बिना वजह अभ्यर्थियों को तंग न करें। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया है कि महिला अभ्यर्थी के मंगलसूत्र, कड़े, चैन व बाली इत्यादि आभूषण निकलवाएं।