पानीपत। हरियाणा गुरुद्वारा सिख प्रबंधक कमेटी (एचएसजीपीसी) के चुनाव को लेकर जिले में नौ लोगों ने नामांकन दाखिल किए हैं। इनमें अकेले सात शनिवार को नामांकन के अंतिम दिन किए गए। इनमें दो हरियाणा सिख पंथक दल और पंथक दल झिंडा ग्रुप से नामांकन किए गए हैं। बाकी सात ने निर्दलीय नामांकन दाखिल किए हैं।
हरियाणा गुरुद्वारा सिख प्रबंधक कमेटी के 19 जनवरी को चुनाव हैं। इसको लेकर शनिवार को नामांकन का अंतिम दिन रहा। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार वीरेंद्र कुमार गिल की देखरेख में सुबह 11 बजे नामांकन शुरू किया। यह तीन बजे तक चला। शनिवार को सात लोगों ने नामांकन दाखिल किए। श्री गुरु रामदास सिंह सभा गुरुद्वारा मॉडल टाउन के प्रधान हरचरण सिंह धम्मू ने अपने नजदीकियों के साथ नामांकन दाखिल किया। उनके साथ हरविंदर सिंह ने नामांकन दाखिल किया।
एक तरह से हरविंदर सिंह को हरचरण सिंह धम्मू का कवरिंग उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है। दलविंदर सिंह चिम्मा और उनकी पत्नी रुपेंद्र कौर ने अपने नामांकन दाखिल किए। उन्होंने पंथक दल झिंडा ग्रुप से नामांकन दाखिल किया है। वहीं मोहनजीत सिंह ने हरियाणा सिख पंथक दल के खाते में नामांकन दाखिल किया। उनके साथ कुलवंत सिंह ने नामांकन दाखिल किया। हरचरण सिंह धम्मू ने कहा कि वे सबको साथ लेकर चुनाव में उतरे हैं और सबके सहयोग से इसमें जीत दर्ज करेंगे।
इन्होंने किया नामांकन
नाम दल
मोहनजीत सिंह हरियाणा सिख पंथक दल
कुलवंत सिंह हरियाणा सिख पंथक दल
दलविंद्र सिंह चिम्मा पंथक दल झिंडा ग्रुप
रुपेंद्र कौर पंथक दल झिंडा ग्रुप
हरचरण सिंह धम्मू आजाद
हरविंदर सिंह आजाद
सींदर सिंह आजाद
मालक सिंह आजाद
सौरभ सिंह आजाद
-
30 को 11 बजे होगी छंटनी, दो दिए जाएंगे चिह्न
हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सामान्य चुनाव को लेकर 20 से 28 तक नौ उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। 30 दिसंबर को 11 बजे छंटनी की जाएगी। इसके बाद 31 दिसंबर और एक जनवरी को उम्मीदवार अपील कर सकेंगे। दो जनवरी को नामांकन वापस लिए जाएंगे इसके बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न दिए जाएंगे। पानीपत के चुनाव के लिए वार्ड-23 निर्धारित है। यहां 19 जनवरी को सुबह आठ से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतगणना की जाएगी।
वीरेंद्र कुमार मिल, सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार।