पानीपत। नगर निगम वार्ड-6 से भाजपा पार्षद कोमल पांचाल के नाम की फर्जी मुहर और हस्ताक्षर से आवास प्रमाणपत्र बनवाए जा रहे हैं। पांच-छह फाइल सत्यापन के लिए उनके पास पहुंचीं तो इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
पार्षद ने थाने में शिकायत देकर चार सीएससी संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की। तहसील कैंप थाना पुलिस ने तुरंत ही शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस ने भी सभी फाइलों को अपने कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है। उधर, नगर निगम ने सीएससी सेंटरों से जारी कराई गई सभी फाइलों की जांच शुरू कर दी। नगर निगम पार्षद कोमल पांचाल ने बताया कि 13 मार्च 2026 को अक्षय बजाज कंप्यूटर सेंटर नूरवाला से उनके पास हरियाणा निवासी प्रमाणपत्र की पांच-छह फाइलें लेकर पहुंचे।
सभी फाइलों पर उनके नाम की मुहर और हस्ताक्षर थे। जब उन्होंने हस्ताक्षर और मुहर देखे तो वह सभी फर्जी मिलें। इन सभी फाइलों पर उन्होंने कभी हस्ताक्षर नहीं किए थे, जिस कारण उन्होंने तुरंत ही फाइलों की जांच कराई, जिसमें पता चला कि सीएससी सेंटर संचालक सतपाल हरियाणा निवास प्रमाणपत्र बनाने वाले आवेदकों की फाइलों पर उनके फर्जी हस्ताक्षर और मुहर का प्रयोग कर रहा है, इसके साथ ही तीन अन्य सीएससी संचालक कमलजीत, सौरव व शर्मा के नाम भी सामने आए। संवाद