पानीपत। जिले में विद्यार्थियों के बुनियादी सीखने के स्तर को परखने के लिए आयोजित फाउंडेशनल लर्निंग स्टडी (एफएलएस) 2026 का राष्ट्रीय आकलन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। तीन दिन चले इस सर्वे में जिले के 22 स्कूलों 12 निजी और 10 सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
करीब चार वर्ष बाद आयोजित इस राष्ट्रीय आकलन के तहत चौथी कक्षा के विद्यार्थियों का मूल्यांकन तीसरी कक्षा के पाठ्यक्रम के आधार पर किया गया। प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा 22 फील्ड इन्वेस्टिगेटर्स तैनात किए गए, जिन्होंने स्कूलों में टैबलेट के माध्यम से विद्यार्थियों का मूल्यांकन किया। मूल्यांकन के दौरान हिंदी विषय में शब्द पहचान, पढ़ने की गति और वाक्य निर्माण क्षमता की जांच की गई, जबकि गणित में गिनती, संख्याओं की पहचान और बुनियादी गणनात्मक समझ को परखा गया।
प्रत्येक विद्यालय में चयनित विद्यार्थियों से पहले सामान्य प्रश्न पूछे गए, इसके बाद विषयवार परीक्षण किया गया। शिक्षा विभाग के अनुसार इस सर्वे से प्राप्त आंकड़े भविष्य में शिक्षण पद्धति को और अधिक प्रभावी व विद्यार्थी केंद्रित बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।