केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन पानीपत की जमीन पर किसान-मजदूर सम्मेलन में आंकड़ों के आधार पर सवाल उठाते हुए राज्य की हुड्डा सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में मिले 542.67 करोड़ में से मात्र 266.47 करोड़ रुपये ही खर्च कर किसानों की अनदेखी की गई है। प्रदेश में किसान व मजदूरों की हालत सुधारने पर मंथन करने की जरूरत है। केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन शनिवार को पानीपत ग्रामीण हलके में नांगल खेड़ी गांव में एक बैंक्वेट हॉल में किसान-मजदूर सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन का आयोजन भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष महिपाल ढांडा ने किया।
राधा मोहन ने कहा कि 2013-14 में कृषि मंत्रालय ने प्रदेश को 542.67 करोड़ रुपये आवंटित किए थे, लेकिन खुद को नंबर वन बताने वाली प्रदेश सरकार केवल 266.47 करोड़ रुपये ही खर्च कर सकी है। राष्ट्रीय किसान विकास योजना के तहत कृषि यंत्र, खाद व बीजों पर अनुदान के लिए 318 करोड़ रुपये दिए थे, लेकिन सरकार ने महज 84 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत आवंटित 66 करोड़ रुपये में से सरकार ने केवल 30 करोड़ रुपये खर्च किए। उन्होंने कहा कि केंद्र मंत्रालय के इन आंकड़ों से साफ तौर पर जाहिर है कि प्रदेश की हुड्डा सरकार ने किसानों के विकास के लिए किसी प्रकार का काम नहीं किया है।
उन्होंने प्रदेश सरकार को किसान विरोधी बताया और कहा कि जब तक हरियाणा में भाजपा की सरकार नहीं बनेगी तब तक किसानों का भला नहीं हो पाएगा। उन्होंने सम्मेलन के आयोजक महिपाल ढांडा को भी सम्मेलन पर बधाई दी। किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि प्रदेश में बागवानी विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद प्रदेश के कृषि विज्ञान केंद्रों को भी सशक्त बनाने का काम किया जाएगा। प्रदेश में एसईजेड के नाम पर किसानों की जमीन हड़पी गई है, अदालत द्वारा एसईजेड को डीनोटिफाइड कर दिया गया है। इसके बाद भी किसानों को उनका हक नहीं मिल पा रहा है। भाजपा के सत्ता में आते ही किसानों को उनके अधिकार प्रदान किए जाएंगे, किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में बिजली व पानी की व्यवस्था के साथ ही बेहतर क्वालिटी के बीज और खाद की भी व्यवस्था की जाएगी।
प्रदेश प्रभारी अनिल जैन ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खुद को भले ही नंबर वन और किसानों की हितैषी करार दे, लेकिन सच्चाई इससे कोसों दूर है। भाजपा सरकार आने के बाद किसानों के भले में काम किए जाएंगे और देश व प्रदेश को मजबूत सरकार दी जाएगी। किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष महिपाल ढांडा ने कहा कि ज्यादातर किसान और मजदूर पानीपत की बाहरी कालोनियों में ही बस रहे हैं। प्रदेश सरकार चाहती तो अब तक इन कालोनियों का विकास करवाया जा सकता था, लेकिन कांग्रेस सरकार का किसान-मजदूरों के विकास की तरफ कोई ध्यान नहीं है। इन कालोनियों में बिजली-पानी और जल निकासी के कोई प्रबंध नहीं हैं।
इससे पहले केंद्रीय कृषि मंत्री व राष्ट्रीय अध्यक्ष के पहुंचने पर मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष समेत जिलाध्यक्ष गजेंद्र सलूजा समेत काफी लोगों ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर अजमेर मलिक, गोविंद पहलवान, राममेहर मलिक, कृष्ण गुर्जर, डा. सुरेंद्र टुटेजा, कुलदीप कौशिक, वेदपाल एडवोकेट, पार्षद लोकेश नांगरु, अशोक नारंग, संजीव दहिया, सुदर्शन पंडित, पवन खंडरा, बलराज, जगबीर डिकाडला, प्रताप आट्टा, महिला जिलाध्यक्ष मोना शर्मा व सुभाष मलिक मौजूद रहे।