संवाद न्यूज एजेंसीइसराना। गर्मी की लंबी छुट्टियों के बाद अब बच्चों के लिए स्कूल लौटने का समय करीब आ गया है। एक जुलाई से स्कूल खुलने जा रहे हैं। इसके चलते छुट्टियों के अंतिम दिन घरों में बच्चों और अभिभावकों के बीच खासा उत्साह और हलचल देखने को मिली।
छुट्टियों के दौरान मामा, नाना और बुआ के घरों में मौज-मस्ती करने के बाद बच्चे अब स्कूल वापसी की तैयारी में जुट गए हैं। कई जगह दिनभर बच्चे कॉपियों और किताबों के साथ अपना लंबित होमवर्क पूरा करने में लगे रहे। कुछ उत्साहित बच्चों ने तो नया टाइम-टेबल देखकर न केवल अपना बस्ता तैयार किया, बल्कि बैग पीठ पर टांगकर गली में स्कूल जाने की रिहर्सल भी कर डाली, जिससे घरों में माहौल और भी खुशनुमा हो गया।
उधर, अभिभावकों ने भी अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। बैग में पानी की ठंडी बोतलें और धूप से बचाव के लिए छतरियां भी शामिल की गई हैं।
विद्यार्थियों ने सीखे जीवन कौशल के गुण
संवाद न्यूज़ एजेंसी
पानीपत। स्कूलों में जून में होने वाले ग्रीष्मावकाश मंगलवार को संपन्न हो चुके हैं। अब बुधवार एक जुलाई से स्कूल खोले जाएंगे। छुट्टियों के दौरान विद्यार्थियों ने गृहकार्य करने के साथ ही जीवन कौशल के गुण सीखे। स्कूल खुलने के बाद स्कूलों में फिर से रौनक लौटेंगी। स्कूलों में कक्षाएं निर्धारित शेड्यूल के अनुसार खुलेंगे।
राजकीय प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए निपुण हरियाणा, नेशनल फ्रेमवर्क फाॅर फाउंडेशनल स्टेज (एनसीएफ-एफएस) पर आधारित रचनात्मक, व्यावहारिक ग्रीष्मकालीन गृहकार्य दिया गया था। शिक्षा
विभाग द्वारा तैयार कार्य-पुस्तिका में विद्यार्थियों के लिए रोचक गतिविधियां, रचनात्मक लेखन, चित्रकारी, पर्यावरण संरक्षण, गणितीय खेल, भाषा विकास और मोबाइल व डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित व उपयोगी प्रयोग से जुड़ी गतिविधियां शामिल की गई थी।
इसके तहत खेल-खेल में सीखने, डिजिटल समझ विकसित करने और तकनीकी सोच को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया था जिससे विद्यार्थियों को अनुभव-आधारित कार्य करने के अवसर मिला। विद्यार्थियों को गतिविधि आधारित गृहकार्य करवाने में उनके परिवार के बड़े सदस्यों का सहयोग रहा।
राकेश बूरा, जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि सभी स्कूल विद्यार्थियों के स्वागत को तैयार हैं। सभी स्कूल पुरानी समय-सारणी के अनुसार खोले जाएंगे।