पानीपत। हेरोइन तस्करी के मामले एंटी नारकोटिक्स सेल ने रविवार को यूपी के शामली में दबिश देकर एक सप्लायर मनव्वर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में मनव्वर ने बताया कि उसने करनाल के रिंकू को 70 हजार रुपये में 50 ग्राम हेरोइन बेची थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत के सामने पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है।
एएनसी इंचार्ज सुभाष ने बताया कि बीते बुधवार को उनकी टीम ने बबैल से बराना जाने वाली सड़क से करनाल के विकास नगर निवासी रिंकू को गिरफ्तार किया था। जिसके कब्जे से 31 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया था कि उसने यह खेप शामली सिंगरा गांव निवासी मनव्वर से खरीदी थी। पुलिस ने रिंकू को रिमांड पर लेकर सप्लायर मनव्वर के ठिकानों पर दबिश दी। रविवार को पुलिस टीम ने शामली से मनव्वर को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को ही दोनों को अदालत के सामने पेश किया गया। जहां से रिंकू को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, मनव्वर को चार दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।