चीन के वुहान प्रांत में फैले जानलेवा कोरोना वायरस का यहां भी असर दिखने लगा है। पानीपत में इस वायरस का एक और संदिग्ध मरीज मिला है। उसको दिल्ली के एक सरकारी अस्पताल में आईसोलेशन वार्ड में रखा गया है। पीड़ित पेशे से कारोबारी है, जो हाल में चीन से लौटा था। विभाग ने कोरोना वायरस को देखते हुए अलग से वार्ड बना दिया है।
विभाग लोगों को वायरस के बारे में जागरूक कर रहा है। विभाग ने निजी अस्पतालों से उनकी तैयारियों की रिपोर्ट मांगी है। विभाग ने अपनी रिपोर्ट में मांगा है कि आईसीयू वार्ड की क्या कंडीशन है। आईसोलेशन वार्ड बनाया गया है या नहीं इस संबंधित रिपोर्ट मांगी गई है। विभाग अब तक चीन से लौटे 39 लोगों सेल्फ असेसमेंट फार्म भरवा चुका है।
प्रशासन ने इससे बचाव के लिए दिशा-निर्देश
निर्देश जारी करते हुए खास तौर पर होटल संचालकों को सतर्क रहने को कहा है। जारी की गई एडवाइजरी में होटल संचालकों को चीन, थाईलैंड और जापान से आने वाले पर्यटकों को लेकर आगाह किया गया है। उन्हें उन जगहों से आने वाले लोगों का पूरा रिकार्ड रखने को कहा है।
वहीं, किसी भी पर्यटक या जनसामान्य में कोरोना वायरस के लक्षण दिखने पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को उसकी तत्काल सूचना देने को कहा गया है। इससे बचाव के लिए सरकारी और निजी अस्पतालों को भी तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
कोरोना वायरस इंफेक्शन के लक्षण
कोरोना वायरस की वजह से रेस्पिरेटरी ट्रैक्ट यानी श्वसन तंत्र में हल्का इंफेक्शन हो जाता है जैसा कि आमतौर पर कॉमन कोल्ड यानी सर्दी-जुकाम में देखने को मिलता है। हालांकि इस बीमारी के लक्षण बेहद सामान्य हैं और कोई व्यक्ति कोरोना वायरस से पीड़ित न हो तब भी उसमें ऐसे लक्षण दिख सकते हैं।
इसलिए लक्षणों के आधार पर डरने की कोई जरूरत नहीं। फिर भी इसका ध्यान रखें। इस वायरस के लक्षण नाक बहना, सिर में तेज दर्द, खांसी और कफ, गला खराब, बुखार, थकान और उल्टी महसूस होना, निमोनिया, ब्रॉन्काइटिस, सांस लेने में तकलीफ आदि हैं।