पानीपत। निरोगी हरियाणा योजना के अंतर्गत आने वाले 4.10 लाख लोगों की जांच की जाएगी। पहली बार ईएसआई अस्पताल को भी इस योजना में शामिल किया गया है। योजना के तहत उन लोगों की मुफ्त जांच की जाएगी, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख से कम है। लोगों के 15 प्रकार के निशुल्क टेस्ट किए जाएंगे। इस पहल का मुख्य कारण श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। जागरूकता के अभाव में लोग बेहतर सेवाएं नहीं ले पाते। टीबी, कैंसर व हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान नहीं पा पाते। जब इनको इस बीमारी के बारे में पता चलता, तब तब ये बीमारियां अपने दूसरे या तीसरे दौर में पहुंच चुकी होती हैं।
सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि निरोगी हरियाणा योजना के तहत 1.80 लाख से कम आय वाले लोगों की जांच की जानी है। ऐसे पात्र फैक्टरियों में अधिक हैं। वहां श्रमिकों की मुफ्त जांच भी की जानी है। पहली बार इस योजना में ईएसआई अस्पताल को भी शामिल किया गया है। आयुष विभाग भी इसमें उनका सहयोग करेगा। स्वास्थ्य विभाग ने पिछले दो साल में जिले की लगभग पांच हजार फैक्टरियों में कैंप लगाकर 1100 टीबी रोगियों को चिह्नित भी किया है। इसके अलावा सिविल अस्पताल में भी अंत्योदय परिवारों के लिए विशेष जांच शिविर लगाए जाते हैं।