पानीपत। भारत को अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय खिलाड़ी देने वाले जिले के गांव डिडवाड़ी में हरियाणा पशु पालक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसके मुख्य अतिथि कृषि पशुपालन एवं विकास एवं पंचायत मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ रहे। परिवहन एवं आवास मंत्री कृष्णलाल पंवार व विधायक महिपाल ढांडा विशिष्ठ अतिथि रहे। यूक्रेन की नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी के डॉ. सर्गी को बेटस विशेष अतिथि थे। समारोह की अध्यक्षता हरियाणा मुर्राह भैंस पालक कल्याण संघ के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने की।
समारोह में पड़ोसी राज्यों के पशु पालकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। लगभग 401 प्रगतिशील पशुपालकों को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया। हरियाणा पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. संजय कुमार ने हरियाणा सरकार द्वारा पशुपालकों को दी जाने वाली सुविधाओं व योजनाओं के बारे में बताया। समारोह का शुभारंभ जय जवान-जय किसान के नारे के साथ हुआ। कृषि और पशुपालन मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है। कृषि और पशुपालन को बढ़ावा देकर ही ग्रामीण क्षेत्र की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाया जा सकता है। इसी के दृष्टिगत हरियाणा सरकार ने पशुपालकों के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। यदि कोई पशुपालक उन्नत किस्म के पशुओं की डेयरी स्थापित करता है तो उसे हरियाणा सरकार की योजनाओं व नाबार्ड के माध्यम से कई योजनाओं का लाभ दिलवाया जाता है। उन्होंने कहा कि मुर्राह नस्ल की भैंस, झोटा और हरियाणा नस्ल की गाय हरियाणा का गौरव है।
परिवहन एवं आवास मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि देशी गाय को हरियाणा में सम्मानित पशु की संज्ञा दी गई है। लोग गाय को गऊ माता कहकर पुकारते हैं। यही नहीं हरियाणा की मुर्राह नस्ल को बढावा देने में हरियाणा के सभी जिलों के पशुपालकों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया है लेकिन रोहतक, हिसार, जीन्द, भिवानी, झज्जर, सोनीपत और पानीपत के पशुपालकों ने भी अपने पशुओं के माध्यम से अनेक राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करके हरियाणा का नाम पशुपालन के मामले में विश्व पटल पर स्थापित किया है। समारोह में आने पर हरियाणा मुर्राह भैंस पालक कल्याण संघ के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह ने सभी का स्वागत, धन्यवाद व आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में रोहतक खुराना डेयरी फार्म के प्रधान राजीव खुराना, अभीजीत खुराना, युवराज खुराना, भाजपा नेता धर्मपाल जागलान, इसराना ब्लॉक समिति के चेयरमैन रिशीपाल कौशिक, मनीष पुनिया, नरेश कारद, पूर्ण डिडवाड़ी, सरपंच गुलाब बांध, सरपंच जसबीर टिटाना, डॉ. जयपाल, डॉ. रहेजा, डॉ. रोहताश, सहारनपुर के इकराम, जावेद व कलिम अहमद भी मौजूद रहे।