हरियाणा के पानीपत से शनिवार सुबह फरार होने के बाद देर रात मुजफ्फरनगर शहर के वहलना चौक पर सल्फास खाने वाले प्रेमी युगल की मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई है। दोनों के परिजन बिना किसी कार्रवाई के मेरठ से ही पोस्टमार्टम के बाद उनके शव लेकर लौट गए।
हरियाणा प्रांत के पानीपत निवासी एक विवाहिता का अविवाहित युवक के साथ काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। शनिवार सुबह दोनों प्रेम-प्रसंग के चलते घर से फरार हो गए थे। घर से फरार होने के बाद प्रेमी युगल बाइक से मुजफ्फरनगर पहुंचा, जहां देर रात करीब 11.30 बजे वे वहलना चौक के पास स्थित वर्धमान फैक्टरी के पास अर्द्धबेहोशी की हालत में पड़े मिले। उनकी बाइक भी वहीं पास में पड़ी मिली।
वहीं किसी राहगीर की सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर कोतवाली अनिल कपरवान ने प्रेमी युगल को जिला अस्पताल भेजा था, जहां से उन्हें नाजुक हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया था। इस दौरान की गई पूछताछ में प्रेमी युगल ने अपने नाम-पते की जानकारी दी थी, लेकिन उन्होंने आत्महत्या क्यों की, इसके बारे में कुछ नहीं बता पाए।
इन्होंने कहा...
वहलना चौकी प्रभारी एसआई कपिलदेव ने बताया कि जिला अस्पताल से प्रेमी युगल को मेरठ मेडिकल भेजा गया था, जहां पहले विवाहिता व बाद में युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि दोनों के परिजन सीधे मेरठ पहुंचे थे और वहां से पोस्टमार्टम के बाद उनके शव लेकर पानीपत ही लौट गए। इस संबंध में किसी भी तरह की तहरीर आदि नहीं दी गई है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/