पानीपत। हनुमान जन्मोत्सव पर औद्योगिक नगरी हनुमान के जयघोष के साथ गूंज उठी। जन्मोत्सव पर शहर में पहली बार दो घंटे के अंतराल में दो शोभायात्रा निकाली। एक शोभायात्रा सेक्टर-12 साईं चौक और दूसरी पुराना किला से निकाली।
शोभायात्रा में हर कोई बाबा से आशीर्वाद पाना चाहता था। हनुमान स्वरूप और श्रीराम की सेना ने नाच-नाचकर लोगों को आशीर्वाद दिया। सनौली रोड और किला मैदान पर शाम में समय जाम की स्थिति भी बनी रही। इन सबके बीच लोग बाबा का गुणगान करने में लगे रहे। शाम को आठ बजे एक साथ सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया।
हनुमान जन्मोत्सव समिति द्वारा शनिवार को दोपहर बाद तीन बजे सेक्टर-12 स्थित साईं चौक से शोभायात्रा शुरू की। गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज ने अपना आशीर्वाद दिया। यहां से बाबा के जयघोष के साथ महाबीर मंदिर, सनौली रोड, अमर भवन चौक, एसडी कॉलेज, आईबी कॉलेज से पहली पातशाही गुरुद्वारा से होते हुए पूरबियान घाटी स्थित हनुमान मंदिर में पहुंची। जहां एक साथ सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और आरती की। शहर के औद्योगिक, सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने बाबा का स्वागत किया। संयोजक विशाल गोयल, सनातन धर्म संगठन के प्रधान कृष्ण रेवड़ी ने आभार जताया।
51 फीट का झंडा के और मन्नत का धागा बांधने के लिए उमड़े श्रद्धालु ः श्री हनुमंत अवध धाम हनुमत जन्मोत्सव समिति एवं श्रीमद् धाम सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में हनुमान जन्मोत्सव पर विशाल शोभायात्रा ऐतिहासिक किला मैदान से निकाली गई। दाऊजी महाराज ने पूजन कराकर शोभायात्रा को रवाना कराया। हनुमानगढ़ के हनुमान के दर्शन का दृश्य रहा और 51 फीट के ध्वज पर मनोरथ रूपी कलवा बांधकर भी लोगों ने अपनी मान्यता मांगी। यात्रा में 5100 महिलाएं शामिल रही। मुस्लिम समुदाय के लोग भी शोभायात्रा में शामिल हुए। निरंजनी अखाड़ा के 1008 महामंडलेश्वर स्वामी राघवेंद्र महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।
स्वामी दयानंद सरस्वती महाराज, नरेशानंद महाराज, दाऊजी महाराज, राधे राधे महाराज , महेंद्र कंसल, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, विधायक प्रमोद विज, पूर्व सांसद संजय भाटिया, मेयर कोमल सैनी, प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता प्रमुख रूप से शामिल हुए। भागवत गीता की पालकी हनुमंत के साथ चली।