पानीपत। कुटानी में एक तीन मंजिला मकान और ऑनलाइन के सामान के गोदाम में शनिवार देर शाम को आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि लपटों ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। पास पड़ोस के लोगों ने महिला को मुश्किल से बाहर निकाला।
घटना के समय मकान मालिक अपनी मां और नवजात बच्चे को लेकर अस्पताल में गया था। दमकल विभाग की टीम सात गाड़ियों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान आसपास के मकानों के लोग भी बाहर आ गए। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। मकान मालिक का कहना है कि पूरा सामान खाक हो गया।
शाहनवाज ने बताया कि उसका ऑनलाइन डिलीवरी का काम है। उसने 150 गज के मकान में 50 गज में आवासीय और 100 गज में कॉमर्शियल के लिए बनाया है। दोनों मकान तीन मंजिल तक हैं। वह 50 बजे के मैदानी और पहले तल पर रहता है। बाकी मकान में ऑनलाइन सामान का गोदाम है। उसक पत्नी को 12 मार्च को बच्चा हुआ था। वह शनिवार शाम को अपनी मां के साथ अपने नवजात बच्चे को लेकर एक अस्पताल में गया था।
उसकी पत्नी रानी घर पर अकेली थी। शनिवार रात आठ बजे मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने मकान को चपेट में ले लिया। लोगों ने दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। कड़ी मशक्कत के बाद शाहनवाज की पत्नी को भी कमरे से बाहर निकाला गया।
सूचना पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे के बाद आग पर काबू पाया।