माई सिटी रिपोर्टरपानीपत। ऑस्ट्रेलिया का वर्क वीजा दिलाने के नाम पर 7.80 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जीतगढ़ निवासी राजबीर का आरोप है कि तीन युवकों ने उनके बेटे को ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर रकम ली और बाद में व्हाट्सएप पर फर्जी वीजा भेज दिया। दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर वीजा फर्जी होने का पता चला। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने बेटे रोहित को विदेश भेजना चाहते थे। इसी सिलसिले में उन्होंने मोनी, सोरम और राहुल से संपर्क किया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर उन्हें भरोसा दिलाया कि वे रोहित को
ऑस्ट्रेलिया का वर्क वीजा दिलाकर विदेश भेज देंगे। इसके लिए उनसे 7.80 लाख रुपये लिए गए और बाद में व्हाट्सएप के माध्यम से वीजा भेज दिया गया।
राजबीर के अनुसार, रोहित जब दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा तो वहां जांच के दौरान वीजा फर्जी होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को दी। इस संबंध में पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी अरविंद ने बताया कि शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।