पानीपत। आर्य पीजी कॉलेज के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हो रही पुरुष-महिला वर्ग की 45वीं हरियाणा राज्य सीनियर हैंडबॉल चैंपियनशिप में दूसरे दिन शानदार मुकाबले हुए। प्रतियोगिता दूसरे दिन हुए पुरुष वर्ग के मुकाबलों में झज्जर और सिरसा के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। झज्जर ने सिरसा को 29-24 अंक से हराया। महिला वर्ग में कैथल ने रोहतक को 19-18 से हराया। चैंपियनशिप के अंतिम दिन रविवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को मधुबन से पांचवीं बटालियन के कमांडेंट कम सेक्रेटरी ऑफ स्पोर्ट्स नृपजीत सिंह मुख्य अतिथि थे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने उनका महाविद्यालय में पहुंचने पर स्वागत किया। मंच संचालन कोच तिलकराज ने किया। दूसरे दिन खेले गए पुरुष वर्ग के मुकाबलों में जींद ने रेवाड़ी की टीम को 12-5 से, गुड़गांव ने फतेहाबाद को 18-7 से, शाह सतनाम सिरसा ने पंचकूला को 20-15 से, सोनीपत ने कुरुक्षेत्र को 21-11 से, हिसार ने पानीपत को 20-10 से, कैथल ने फरीदाबाद को 23-14 से, झज्जर ने सिरसा को 29-24 से और भिवानी ने रोहतक को 27-20 से हराया।
महिला वर्ग के मुकाबलों में शाह सतनाम सिरसा ने यमुनानगर की टीम को 9-5 से, कुरुक्षेत्र ने गुड़गांव को 10-4 से और कैथल ने रोहतक को 19-18 से हराया। इस अवसर पर हरियाणा हैंडबॉल संघ के सचिव जुगमेंद्र श्योकंद, जिला पानीपत के प्रधान प्रदीप श्योकंद, महताब दहिया, सुरेश आर्य, महाविद्यालय के खेल एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष नरेश सैनी, मामनी सैनी, राजेश टूर्ण, राजा तोमर, राजेंद्र देसवाल, भारती, कपिल राठी, दीपेंद्र रापड़िया आदि मौजूद रहे।