संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। रोडवेज बसों में जल्द ही जीपीएस सिस्टम लगाया जाएगा। इसके बाद यात्री मोबाइल ऐप के माध्यम से बस की लाइव लोकेशन, रूट और ठहराव की जानकारी हासिल कर सकेंगे। साथ ही ऐप के जरिए ऑनलाइन टिकट बुक करने और डिजिटल भुगतान की सुविधा भी मिलेगी। इस संबंध में रोडवेज अधिकारियों ने बैठक कर तैयारियों की रूपरेखा तैयार कर ली है।
रोडवेज बसों में जीपीएस लगाने की तैयारी पूरी कर ली गई हैं। जल्द ही यात्रियों के लिए मोबाइल एप लॉन्च किए जाने की तैयारी है। एप से यात्री बस के निर्धारित रूट, विभिन्न ठहराव और उसकी लोकेशन की जानकारी अपने मोबाइल फोन पर देख सकेंगे। इससे यात्रियों को बस के इंतजार के दौरान भी उसकी स्थिति की जानकारी मिल सकेगी।
इसके अलावा यात्रियों को बस में सफर के लिए ऑनलाइन टिकट बुक करने और डिजिटल माध्यम से भुगतान करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इससे टिकट लेने की प्रक्रिया आसान होगी और यात्रियों को नकद भुगतान पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। मोबाइल एप की सुविधा को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए रोडवेज बसों के चालकों को भी विशेष दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
मोबाइल एप बताएगा रूट और ठहराव
रोडवेज बसों के लिए प्रस्तावित मोबाइल एप पर यात्रियों को बस के रूट और निर्धारित ठहराव की जानकारी उपलब्ध होगी। इसके साथ ही बस की लोकेशन, ऑनलाइन टिकट बुकिंग और डिजिटल भुगतान समेत यात्रा से जुड़ी अन्य सुविधाएं भी एक ही प्लेटफॉर्म पर मिल सकेंगी।
वर्जन
रोडवेज बसों में ट्रैकिंग के लिए जीपीएस लगाने की तैयारी की जा रही है। मोबाइल एप के माध्यम से यात्रियों को बस की लोकेशन, ऑनलाइन टिकट और डिजिटल भुगतान जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। -विक्रम कांबोज, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो