पानीपत। औद्योगिक क्षेत्र में रहने वाले कामगारों के बच्चों को अब शिक्षा से वंचित नहीं रहना पड़ेगा। ग्रामीण विधायक महीपाल ढांडा जल्द औद्योगिक क्षेत्र में सरकारी स्कूल बनवाएंगे। विधायक ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मिलकर इस प्रस्ताव पर विस्तार से बातचीत की। वे इसको लेकर प्रशासन व सीडब्ल्यूसी से भी बातचीत कर चुके हैं। यह स्कूल सेक्टर-25 या 29 में बनाया जाएगा। यहां जगह न मिलने पर दूसरी जगह बनाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि औद्योगिक क्षेत्र में कोई भी सरकारी स्कूल नहीं है, जिस वजह से कामगारों के बच्चे शिक्षा से दूर है और बचपन में ही वह शिक्षा का अक्षर पढ़ने की बजाए फैक्टरियों में ही काम कर रहे है। जिस वजह बाल श्रम को भी बढ़ावा मिल रहा है। अमर उजाला ने इस विषय को 18 जुलाई के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। ग्रामीण विधायक महीपाल ढांडा इसको लेकर जिला प्रशासन और सीडब्ल्यूसी के सदस्य डॉ. मुकेश आर्य से बातचीत की है। उन्होंने स्कूल की लोकेशन के बारे में सुझाव मांगा है। इसके लिए सेक्टर 25, पार्ट-2 और सेक्टर 29 पार्ट-2 में एक सरकारी स्कूल बनाने का प्रपोजल बनवाया। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से स्कूल को लेकर बातचीत की।
बाल अधिकार सुरक्षा समिति की मुख्य सलाहकार सुधा झा ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में उनकी समिति ने भी सर्वे किया था, स्कूल न होने की वजह से बच्चे बाल श्रम करते हैं। इसके अलावा कुछ नशे का सेवन भी कर रहे है। वहीं कुछ बच्चों को एक महिला ट्यूशन देकर पढ़ा रही है, लेकिन वह महज पहली, दूसरी और तीसरी कक्षा तक ही सीमित है। स्कूल बनने से बच्चे शिक्षा का ज्ञान ले सकेंगे।
वर्जन
दो लोकेशन का सुझाव दिया
ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा ने उनसे स्कूल के संबंध में आ रही समस्या और उसके समाधान के बारे में बातचीत की है। उन्होंने सुझाव दिया कि सेक्टर 25 और सेक्टर 29 में जगह ढूंढकर सरकारी स्कूल बनाया जा सकता है, जिससे दोनों सेक्टरों के बच्चों को लाभ मिल सके। विधायक ने आश्वासन दिया है कि जल्द स्कूल बनवाया जाएगा।
- डॉ. मुकेश आर्य, सदस्य, बाल कल्याण समिति
वर्जन
समस्या का जल्द किया जाएगा समाधान
औद्योगिक क्षेत्र में बच्चों को आ रही समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा। जिला प्रशासन और सीडब्ल्यूसी के पदाधिकारियों के बाद मुख्यमंत्री के साथ भी बातचीत हो गई है। यहां स्कूल बनाना उनके प्रस्ताव में भी शामिल है। वह इस परियोजना को जल्द अमलीजामा पहनाएंगे।
- महिपाल ढांडा, ग्रामीण हलका विधायक, पानीपत