क्रांति नगर स्थित भाटिया हाउस को मंगलवार की रात चोर ने निशाना बनाया और घर से करीब 15 लाख का माल पार कर दिया। इसमें साढ़े 11 लाख के जेवर और साढ़े तीन लाख नकद चोरी हुई है। गेट पर सिक्योरिटी गार्ड के बावजूद चोर ने मकान में पीछे के रास्ते से रसोई की ग्रिल काटकर घर में प्रवेश किया। फिर स्टोर रूम में रखी अलमारी का ताला तोड़कर नकदी और जेवर लेकर फरार हो गया। सुबह घर वालों को चोरी का पता चला। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। शिकायत पर मॉडल टाउन थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
मॉडल टाउन के क्रांति नगर निवासी उद्योगपति नरेंद्र भाटिया टेक्सटाइल एक्सपोर्टर हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात को वह अपने रूम का ताला लगाकर परिवार समेत सो गए थे। सुबह रसोई की ग्रिल उखड़ी मिली। स्टोर रूम में रखी गोदरेज की अलमारी के लॉक टूटे हुए थे। लॉकर से साढ़े तीन लाख रुपये नकद और करीब साढ़े 11 लाख रुपये के गहने चोरी हो गए थे। सूचना पर मॉडल टाउन थाना और सीआईए की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
ये समान हुआ चोरी
नरेंद्र भाटिया के मुताबिक, अलमारी के लॉकर से साढ़े तीन लाख रुपये नकद, झुमकों के साथ डायमंड का सेट, डायमंड के झुमके, दो डायमंड की अंगूठी, सोने के 2 कड़े, पांच सोने के पेंडेंट, दो सोने की अंगूठी, चार चांदी के ग्लास, चांदी की कटोरी, 35 चांदी के सिक्के, चार सोने के सिक्के, सोने के झुमके व पेंडेंट सेट, एक चांदी का सेट चोरी मिला।
भाटिया हाउस में चार भाइयों के हैं मकान
क्रांति नगर में उद्योगपति भाइयों के चार मकान ही हैं। टेक्सटाइल एक्सपोर्टर नरेंद्र भाटिया रोटी क्लब मिड टाउन के पूर्व प्रधान भी रहे हैं। यहां पर चारों मकानों की बाउंड्री कराकर नाम दिया गया है भाटिया हाउस। इसके मेन दरवाजे पर दिन-रात ड्यूटी पर सिक्योरिटी गार्ड तैनात रहता है। इसके बावजूद यहां पर इतनी पड़ी चोरी हो गई।
पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है, सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- योगेश कटारिया, मॉडल टाउन थाना प्रभारी