समालखा। गांव मनाना के खेतों में 20 दिनों में चोरों ने नौ किसानों के ट्यूबवेल से मोटर, तार, स्टार्टर, ग्रिप आदि चोरी कर लिए। किसानों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से रोष बना हुआ है। रविवार को गांव मनाना के ग्रामीण समालखा पुलिस थाने में शिकायत लेकर पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
गांव मनाना के राजेश, चांद, सतबीर, प्रदीप, रणबीर, सुमित, आशीष, सुभाष, कुलदीप, अमित, राजेश आदि ने बताया कि 20 दिनों से खेतों में ट्यूबवेल के कमरों से स्टार्टर, ग्रिप, बिजली तार चोरी हो रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रात आठ बजे के बाद ही चोरी की घटनाएं होती हैं। शनिवार को भी एक खेत से चोरी का पता चला तो लेकिन उनके पहुंचने पर वो ईख के खेतों से फरार हो गए। उन्होंने संदेह जताया कि गांव के ही कुछ लोग इसमें शामिल हो सकते हैं। आशंका जताई कि वारदातों में बिजली मिस्त्री भी शामिल हो सकते हैं। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।