बापौली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मीट द चैंपियंस अभियान के तहत वीरवार को गांव छाजपुर कलां स्थित आरोही मॉडल स्कूल में ओलंपिक पदक विजेता पहलवान बजरंग पूनिया पहुंचे। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि बच्चों को संतुलित आहार दें और खेल मैदान में लाएं। पिज्जा-बर्गर और मोबाइल गेम्स से इनकी दूरी बनाएं। इस कार्यक्रम में कैथल, करनाल, जींद व पानीपत के स्कूली बच्चों ने भाग लिया।
पहलवान बजरंग पूनिया ने अभिभावकों से आह्वान किया कि बच्चों को जंक फूड न खिलाएं। शिक्षा के साथ ही खेलों में भी रुचि पैदा करें। चीनी की जगह ताजे मीठे फल खिलाएं। उन्होंने बच्चों को बताया कि वह कभी जंक फूड नहीं खाते, हमेशा ताजा एवं संतुलित भोजन ही ग्रहण करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से आह्वान किया, इससे बच्चों में नई ऊर्जा उत्पन्न होगी। खिलाड़ियों से मिलकर बच्चों को खेलों एवं पौष्टिक आहार के महत्व का ज्ञान होगा। संतुलित आहार से न केवल पढ़ाई में बल्कि खेलों में भी आगे बढ़ेंगे। संतुलित आहार में ताजी हरी सब्जियां, फल, दूध, दही और घी ले सकते हैं। इसके साथ ही रोज आधा घंटा खेले जरूर, जिससे शरीर तंदरुस्त रहे।
इस मौके पर बजरंग पूनिया का गुलदस्ता देकर स्वागत किया गया। स्मृति चिह्न एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया। हिंदुस्तान स्कॉउट्स एंड गाइड्स के जिला सचिव ने टीम सदस्यों के साथ स्कार्फ पहनाकर पहलवान बजरंग पूनिया को सम्मानित किया।
बच्चों के साथ खेला खो-खो
इस दौरान बजरंग पूनिया ने बच्चों के साथ खोखो खेला। ओलंपिक पदक विजेता के साथ खेलने के लिए बच्चों में जोश देखने को मिला। इस मोके पर बजरंग पुनिया ने बच्चों को फिट रहने के लिए व्यायाम के तरीके भी बताएं। बच्चों को टी-शर्ट देकर सम्मानित भी किया।
सरकार की अनूठी पहल: डीईओ
डीईओ रमेश कुमार ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव पर यह सरकार की अनूठी पहल है। इस पहल से स्कूल जाने वाले बच्चे देश के नायकों से मिल सकेंगे। उनसे सवाल पूछ सकेंगे। यह उनके लिए अलग ही अनुभव होगा।
ये लोग रहे मौजूद
डीपीसी कौशल्या आर्य, बीईओ बापौली ज्ञानीराम कौशिक, डीएसएस डॉ. हितेश शर्मा, प्रधानाचार्या हेमलता बालियान, नरेश गोस्वामी, निवर्तमान सरपंच राजेश गोस्वामी व पीटीआई महेंद्र सिंह।
बापौली। गांव छाजपुर स्थित आरोही मॉडल स्कूल में बच्चों के साथ मौजूद पहलवान बजरंग पुनिया व साथ में - फोटो : Panipat