अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत/इसराना। घने कोहरे के चलते पानीपत-रोहतक नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक कार डाहर गोल चक्कर पर ट्रॉले में पीछे से घुस गई। हादसे में कार चला रहे युवक के पिता की मौत हो गई, उसकी बहन और भाई घायल हो गए। हादसे में कार चला रहा युवक बाल-बाल बच गया। हादसे के समय पिता अपनी बेटी को लेक्चरर का इंटरव्यू दिलवाने के लिए पंचकूला जा रहे थे। मरने वाले बीएसएनएल में कार्यालय अधीक्षक के पद पर तैनात थे। दोनों घायलों को शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से भाग निकला। पिता की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया है। थाना इसराना पुलिस ने सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। ट्रॉला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
जिले के गांव बलाना निवासी कृष्ण दत्त (57) बीएसएनएल के मॉडल टाउन स्थित कार्यालय में कार्यालय अधीक्षक कार्यरत थे। वह सोमवार सुबह अपनी कार से पंचकूला जा रहे थे। कार में उनके साथ बेटी मोनिका, बेटे जयदीप और बेटे प्रदीप भी थे। कृष्ण दत्त की बेटी का पंचकूला में प्राध्यापक पद के लिए इंटरव्यू था। वे बेटी को इंटरव्यू दिलाने के लिए ही ले जा रहे थे। बताया जा रहा है कि कार को प्रदीप चला रहा था। डाहर गोल चक्कर के पास घने कोहरे के कारण कार पीछे से ट्रॉला में घुस गई। हादसे में कृष्ण दत्त की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी मोनिका और बेटा जयदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए पानीपत के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। हादसे की सूचना पर पहुंची थाना इसराना पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रॉले को कब्जे में ले लिया है।
घने कोहरे के कारण हुआ हादसा
बलाना निवासी विजेंदर ने बताया कि सोमवार सुबह पानीपत-रोहतक हाईवे पर घना कोहरा था। विजिबिलिटी पांच मीटर से भी कम थी। साथ ही कार के आगे चल रहे ट्रॉले से उड़ रही राख के कारण सामने कुछ नजर नहीं आ रहा था। इसी दौरान ट्रॉला चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। स्पष्ट दिखाई न देने के कारण कार चला रहा प्रदीप समय पर ब्रेक नहीं लगा सका और कार सामने चल रहे ट्राले में घुस गई। हादसे के बाद सिविल अस्पताल में पहुंचे बीएसएनएल कर्मचारियों ने बताया कि कृष्णदत्त का तीन साल बाद रिटायरमेंट था। कृष्णदत्त बेहद शांत स्वभाव के इंसान थे। बेटी की नियुक्ति को लेकर वह बेहद खुश थे। सोमवार को बेटी को इंटरव्यू दिलाने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हादसा हो गया।
पानीपत-रोहतक हाइवे पर डाहर गोल चक्कर के पास ट्रॉले और कार की टक्कर हो गई। कार में चार लोग सवार थे। हादसे में बीएसएनएल कर्मचारी की मौत हो गई। उनकी बेटी और एक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने ट्रॉला चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
जितेंद्र एएसआई, जांच अधिकारी, थाना इसराना।