बापौली। गोल्ड मैडल जीतकर लौटे खिलाड़ियों को स्वागत करते ग्रामीण।
- फोटो : Panipat
बापौली । हिमाचल प्रदेश के कुल्लू मनाली में जस्ट इंडिया स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित जस्ट परो इंडिया नेशनल गेम्स 2021-22 में गांव जलालपुर प्रथम के गौरव शर्मा ने स्वर्ण पदक जीता। मंगलवार को उनके लौटने पर ग्रामीणों ने फूलों और नोटों की मालाओं से स्वागत किया। कबड्डी में प्रथम स्थान पाने वाले राजकीय स्कूल जलालपुर प्रथम के दसवीं कक्षा के छात्र गौरव ने बताया कि जस्ट परो इंडिया नेशनल गेम्स कबड्डी प्रतियोगिता में उसने 17 वर्ष आयु वर्ग में अच्छा प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
उनकी टीम में गांव के ही रोहित पुत्र मामचंद व बहरामपुर गांव के अक्षय का भी चयन हुआ था। उन्होंने बताया कि उनकी टीम ने पानीपत की ओर से खेलते हुए मध्य प्रदेश को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विजेता टीम को एसोसिएशन की तरफ से प्रमाण पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। वहीं आज विजेता खिलाड़ियों को पूर्व ग्रामीण पानीपत रेलवे स्टेशन से बाइकों के काफिले व डीजे बजाते हुए गांव में लेकर आए।
ब्राह्मण महासंघ हलका समालखा प्रधान अशोक शर्मा छदिया ने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। देश का असली खिलाड़ी आज भी गांवों से ही तैयार हो रहा है। सरकार को चाहिए कि ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए विशेष सुविधा मुहैया कराएं ताकि वो भविष्य में देश व प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
इस अवसर पर मॉ. अजय शर्मा, निर्देश रावल, केडी शर्मा, सतबीर फौजी, डॉ. विजय, सुरेश, विनोद व डॉ. नरेंद्र कौशिक आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।