पानीपत। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने घरेलू गैस सिलिंडर से छोटे सिलिंडर में गैस भरकर बेचने का भंडाफोड़ किया है। टीम ने सिवाह गांव में दो जगह से 48 गैस सिलिंडर बरामद किए। इनमें कुछ सिलिंडर सीएचसी और दर्जी की दुकान पर रखे थे।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता करनाल और खाद्य एवं पूर्ति विभाग पानीपत की संयुक्त टीम ने मंगलवार को अमित कुमार महाराज निवासी गांव सिवाह के सिवाह स्थित गरिमा गैस एंड स्टॉक रिपेयर का निरीक्षण किया।
दुकान पर आठ सिलिंडर भरे मिले। घरेलू गैस सिलिंडर से लोकल छोटे चार किलोग्राम के सिलिंडर में गैस भरने के लिये एक लोहे का डबल मंजिल स्टूल रखा मिला।
दुकान मालिक अमित से भरे सिलिंडरों के संबंध में कागजात मांगे। वह कागजात पेश नहीं कर सके।
थाना सेक्टर-29 से पुलिसकर्मियों को मौका पर बुलाकर सिलिंडर व अन्य सामान पुलिस के हवाले कर दिया। एएफएसओ विकास रोहिला ने अमित कुमार महाराज को मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7-10-55 के तहत मुकदमा दर्ज करने बारे लिखित शिकायत दी।
संयुक्त टीम ने दिनेश कुमार वासी नजदीक शिव मंदिर गांव सिवाह के सिवाह गुरुद्वारा के पास स्थित सीएससी सेंटर का निरीक्षण किया। सीएससी सेंटर के बाहर व साथ वाली दर्जी की दुकान के बाहर 17 सिलिंडर मिले।
इनमें से आठ भरे मिले। टीम ने दर्जी की दुकान के मालिक सलीम सिवाह से बंद सीएससी के बारे पूछा। उन्होंने बताया कि ये सभी सिलिंडर दिनेश के हैं। वह अपनी मोटरसाइकिल पर सिलिंडर सप्लाई करता है। दिनेश का फोन बंद मिला।
टीम ने 40 गैस सिलिंडर (25 भरे व 15 खाली) पुलिस के हवाले किए। आरोपी दिनेश के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी।