संवाद न्यूज एजेंसीसनौली। रसलापुर गांव में सोमवार को सड़क किनारे बिजली का खंभा लगाने के लिए ड्रिल मशीन से खुदाई के दौरान भूमिगत पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन में रिसाव शुरू होने से ग्रामीणों में खलबली मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और गैस विभाग को सूचना दी, जिससे समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
ग्रामीण नरेश ने बताया कि बिजली निगम की ओर से सड़क किनारे खंभे लगाने का काम कराया जा रहा था। ड्रिल मशीन से जमीन में खोदाई करते समय मशीन भूमिगत गैस पाइपलाइन से टकरा गई, जिससे उसमें रिसाव हो गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और संबंधित विभाग को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
गैस विभाग के पानीपत सर्कल प्रभारी हीरालाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बिजली निगम की ओर से काम शुरू करने से पहले गैस विभाग को कोई सूचना नहीं दी गई थी। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की।
ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते रिसाव का पता नहीं चलता तो आग या चिंगारी से गंभीर हादसा हो सकता था। कई ने बताया कि उन्हें चक्कर आना, सिरदर्द जैसी समस्याएं भी हो गईं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि भूमिगत गैस पाइपलाइन के आसपास खोदाई या निर्माण कार्य शुरू करने से पहले संबंधित विभाग से जानकारी लेना अनिवार्य किया जाए।