पानीपत। नगर निगम की सफाई एजेंसी का ठेका बढ़ने के बाद अब शहर से कूड़ा उठान तेज हो गया है। पहले जहां एजेंसी कर्मी रोजाना 150 टन कूड़ा उठाते थे वो मंगलवार को 250 टन तक पहुंच गया।
दरअसल, शहर की सफाई के ठेके का समय पूरा होने पर एजेंसी कर्मी निगम आयुक्त के आश्वासन पर काम तो कर रहे थे लेकिन मंजूरी मिलने का उन्हें इंतजार था। इसी इंतजार में 10 दिन बीत गए और सफाई का काम आश्वासनाें पर धीमी गति से चलता गया। बीते रोज मंजूरी मिलने के बाद मंगलवार से सफाई कर्मियों ने उत्साह के साथ काम करना शुरू कर दिया है। इससे शहरवासियों ने भी राहत की सांस ली है। फिलहाल शहर में कई जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। दोनों एजेंसियों के सफाई कर्मियों को इसी गति से आगामी कुछ दिनों तक काम करना होगा। इसके बाद ही शहर की सफाई व्यवस्था पटरी पर आ पाएगी।
गौरतलब है कि पिछले दो साल से शहर को चार जोन में बांटकर दो एजेंसियों को सफाई के काम का ठेका दिया गया था जो 12 मई को पूरा हो गया था। इसके बाद कर्मचारियों ने काम छोड़ हड़ताल कर दी। इस पर विधायक, जिला अध्यक्ष के बाद निगम आयुक्त के आश्वासन पर कर्मचारी काम पर लौटे थे। अब निकाय ने इस ठेके को 30 जून तक बढ़ाने की अनुमति दे दी है।
वर्जन:
सफाई के ठेके को 30 जून तक बढ़ाने की मुख्यालय से अनुमति मिल गई है। एजेंसी के सफाई कर्मी शहर में सफाई का काम रहे रहे हैं। अब जल्द ही शहर की बेहतर तरीके से सफाई कराई जाएगी।
साहिल गुप्ता, आयुक्त, नगर निगम।