पानीपत। दोस्त से स्कॉर्पियो मांगकर जम्मू के एक युवक को 12 लाख रुपये में बेचने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को करनाल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। दोनों आरोपी करनाल के बसंत विहार निवासी रणजीत और विकास नगर निवासी गुरमीत धोखाधड़ी के ही दूसरे मामले में करनाल जेल में बंद थे। पुलिस ने दोनों को अदालत क सामने पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया।
थाना सेक्टर-13-17 प्रभारी दलबीर ने बताया कि 16 फरवरी को अटवाला गांव के दिलबाग ने थाने में शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि 15 फरवरी को वह अपनी स्कॉर्पियो लेकर अपने दोस्त के गैराज पर गया था। जहां पर उसका एक अन्य जानकार राजेश मिला। राजेश ने कहा कि उसे किसी काम से चंडीगढ़ जाना है इसके लिए वह अपनी गाड़ी दे दी। राजेश पर भरोसा कर उसने स्कॉर्पियो राजेश को दे दी लेकिन वह गाड़ी को वापस नहीं देकर गया। जब उसके नंबर पर फोन किया तो उसने फोन भी बंद कर लिए और गाड़ी में लगा जीपीएस भी बंद करवा दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने जीपीएस की मदद से स्कॉर्पियो को जम्मू कश्मीर से बरामद कर लिया। जिस युवक के पास गाड़ी मिली उसने बताया कि उसने 12 लाख रुपये में गाड़ी खरीदी है। पुलिस ने छह अप्रैल को राजेश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में राजेश ने बताया कि उसने अपने दोस्त रणजीत व गुरमीत के साथ मिलकर स्कॉर्पियो बेचने की साजिश रची थी। पुलिस ने राजेश को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था साथ ही रणजीत व गुरमीत की तलाश शुरू कर दी थी। सोमवार को पुलिस ने दोनों को करनाल की जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया। मंगलवार को पानीपत में अदालत के सामने पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान दोनों से पूछताछ की जाएगी साथ ही नकदी बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।