पानीपत। जिले के कस्बा मतलौडा स्थित आर्य आदर्श कन्या पीजी महाविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष में विभिन्न पाठ्यक्रम के लिए 920 सीटें तथा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के लिए 320 सीटें उपलब्ध हैं। स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। महाविद्यालय में अभी तक करीब 80 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
वहीं, जिले के 14 महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष की 11260 सीटों पर दाखिला होना है। इसलिए विद्यार्थियों ने 12वीं पास करने के बाद पाठ्यक्रम व कॉलेज का चयन करना शुरू कर दिया है। ये जानकारी प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि आर्य आदर्श कन्या महाविद्यालय ग्रामीण अंचल में होने के बावजूद छात्राओं को पूर्णत: सुरक्षित और अनुशासित वातावरण प्रदान किया जा रहा है। उच्चतर शिक्षा निदेशालय की गाइडलाइन के अनुसार एससी वर्ग की छात्राओं के निशुल्क दाखिले किए जाएंगे।
विद्यार्थियों का मनोवैज्ञानिक आकलन करने के साथ कौशल विकास के कोर्स भी करवाए जा रहे हैं। कॉलेज में उच्च शिक्षित स्टाफ के अलावा स्मार्ट क्लासरूम, लैब, बस सुविधा, सेमिनार हॉल, एनएसएस यूनिट, खेल जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को मिल रहा फायदा : कस्बा मतलौडा के कवी रोड स्थित आदर्श आदर्श कन्या महाविद्यालय लड़कियों की उच्चतर शिक्षा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। खंड मतलौडा के अंतर्गत 36 गांव हैं।
महाविद्यालय की स्थापना से पहले क्षेत्र के विभिन्न गांवों की लड़कियों को उच्च शिक्षा के लिए शहर के कॉलेजों का सहारा लेना पड़ता था। कई अभिभावक लड़कियों को शहर भेजने से कतराते थे जिससे लड़कियां उच्च शिक्षा से वंचित रह जाती थी। संवाद